राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों का बढ़ा महंगाई भत्ता, पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ

राजस्थान सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए पांचवें और छठे वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) की दरों में बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार के वित्त विभाग की ओर से जारी चार आदेशों के अनुसार पांचवें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स की महंगाई भत्ता दर 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह दर 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत कर दी गई है।

सरकार के इस फैसले से उन कर्मचारियों और पेंशनर्स को लाभ मिलेगा, जो अभी भी पांचवें और छठे वेतन आयोग के पुराने वेतनमान के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इस फैसले से कर्मचारियों को पिछले महीनों का एरियर भी मिलेगा।

पांचवें वेतन आयोग के कर्मचारियों को कितना फायदा?

पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों का DA अब 483 प्रतिशत से बढ़कर 497 प्रतिशत हो गया है। यानी महंगाई भत्ते में 14 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसी तरह इस आयोग के तहत पेंशन प्राप्त करने वाले लोगों की महंगाई राहत भी 497 प्रतिशत कर दी गई है।

DA की गणना बेसिक पे और महंगाई वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन, व्यक्तिगत वेतन और अन्य अतिरिक्त घटकों को शामिल नहीं किया जाएगा।

छठे वेतन आयोग के कर्मचारियों को भी राहत

छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए DA की दर 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत कर दी गई है। इस तरह कर्मचारियों को 7 प्रतिशत की वृद्धि का लाभ मिलेगा।

इस श्रेणी में महंगाई भत्ते की गणना पे बैंड में वेतन और ग्रेड पे के आधार पर निर्धारित बेसिक पे से की जाएगी। पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत की नई दर 269 प्रतिशत होगी।

चार महीने का एरियर मिलेगा

सरकार ने नई दरों को 1 जुलाई 2026 से लागू करने का फैसला किया है। जुलाई से अक्टूबर 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के संबंधित सामान्य भविष्य निधि खातों में जमा किया जाएगा।

1 जनवरी 2004 से पहले नियुक्त कर्मचारियों के एरियर की राशि उनके GPF खातों में जमा होगी। वहीं इस तारीख को या इसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए राशि GPF-2004 खातों में जमा की जाएगी।

स्वायत्तशासी संस्थाओं, सार्वजनिक उपक्रमों, बोर्ड और निगमों में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों के एरियर को संबंधित GPF-SAB खातों में जमा किया जाएगा।

नवंबर के वेतन में मिलेगा बढ़ा हुआ DA

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवंबर महीने के वेतन के साथ नकद दिया जाएगा। कर्मचारियों को यह वेतन 1 दिसंबर को मिलने वाला है। इससे कर्मचारियों को दिसंबर की शुरुआत में ही बढ़े हुए DA का लाभ मिल सकेगा।

पेंशनर्स के लिए भी नई महंगाई राहत का लाभ 1 जुलाई 2026 से नकद भुगतान के रूप में दिया जाएगा। 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को अतिरिक्त पेंशन पर मिलने वाली महंगाई राहत भी नियमानुसार जारी रहेगी।

किन लोगों को मिलेगा लाभ?

इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के उन कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा, जो पांचवें और छठे वेतन आयोग के पुराने वेतनमान के अंतर्गत आते हैं। इसमें पंचायत समितियों और जिला परिषदों के पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा कुछ पात्र UGC और AICTE वेतनमान वाले पेंशनर्स भी शामिल हैं।

राज्य सरकार के इस फैसले से पुराने वेतनमान के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे लोगों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।