राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट, फतेहपुर में पारा 4.3 डिग्री पहुंचा; शेखावाटी में बढ़ेगी ठिठुरन

राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर तेज करना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 27 और 28 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया। नागौर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.4 डिग्री और चूरू में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 27 नवंबर को शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर और कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर रह सकता है। 28 नवंबर को भी अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। शेखावाटी में रात का तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

राजधानी जयपुर में भी सुबह और शाम सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दस दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट जारी रहने की संभावना है।