जयपुर। राजस्थान के आगामी नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने युवा चेहरों को खास तवज्जो दी है। राज्य के पांच प्रमुख शहरों में दोनों पार्टियों ने अब तक जारी उम्मीदवारों की सूची में 21 से 29 वर्ष की उम्र वाले 70 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे इन निकाय चुनावों में युवा चेहरों के साथ अनुभवी उम्मीदवारों का भी मिश्रण देखने को मिल रहा है।
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा के कुल 510 वार्डों में सामने आई उम्मीदवारों की सूची के आधार पर दोनों दलों के उम्मीदवारों में 13.72 प्रतिशत Gen Z वर्ग से हैं। आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 49 युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि भाजपा की सूची में ऐसे उम्मीदवारों की संख्या 21 है।
जयपुर में कांग्रेस ने BJP से दोगुने युवा चेहरे उतारेराजधानी जयपुर में युवा उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस भाजपा से आगे दिखाई दे रही है। जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
भाजपा ने 21 से 29 साल की उम्र के छह उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें वार्ड 10 से 21 वर्षीय पलक यादव, वार्ड 119 से 22 वर्षीय यश राणावत, वार्ड 150 से 23 वर्षीय शालू मीणा, वार्ड 143 से 29 वर्षीय निधि जैन, वार्ड 115 से 29 वर्षीय सूरज गोदीवाल और वार्ड 63 से 29 वर्षीय अजय टेपन शामिल हैं।
वहीं, कांग्रेस ने जयपुर में 12 Gen Z उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी की सूची में सबसे कम उम्र के उम्मीदवार वार्ड 71 से फैज हसन हैं, जिनकी उम्र 21 साल है।
युवा चेहरों के साथ दोनों दलों ने वरिष्ठ उम्मीदवारों को भी जगह दी है। भाजपा ने जयपुर में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 10 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें वार्ड 1 से चुनाव लड़ रहे श्रवण बोहरा 66 वर्ष की उम्र में पार्टी के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस की जयपुर सूची में भी 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 13 उम्मीदवार हैं। इनमें वार्ड 115 से सुरेश बिवाल 67 वर्ष की उम्र में सबसे उम्रदराज उम्मीदवार हैं।
जोधपुर में भी युवाओं की अच्छी मौजूदगीजोधपुर में भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर 17 Gen Z उम्मीदवारों को पार्षद चुनाव में उतारा है। इनमें कांग्रेस के 10 और भाजपा के सात उम्मीदवार शामिल हैं।
कांग्रेस की सबसे युवा उम्मीदवार वार्ड 51 से सरस्वती हैं। उनकी उम्र 21 साल है। उन्होंने 2025 में ग्रेजुएशन पूरा किया है और आगे की पढ़ाई जारी रख रही हैं।
भाजपा ने वार्ड 24 से 24 वर्षीय भाग्यश्री आचार्य को उम्मीदवार बनाया है। वह एमए की पढ़ाई कर रही हैं और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।
जोधपुर में उतारे गए 17 युवा उम्मीदवारों में से पांच अविवाहित हैं। इसके अलावा कम से कम एक वार्ड में उम्र के लिहाज से भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां कांग्रेस के युवा उम्मीदवार के सामने भाजपा ने वरिष्ठ उम्मीदवार को मैदान में उतारा है।
उदयपुर में छात्र, प्रोफेशनल और स्वयंसेवक मैदान मेंउदयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने कुल आठ Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें कांग्रेस के छह और भाजपा के दो उम्मीदवार हैं।
भाजपा की ओर से वार्ड 38 से 26 वर्षीय प्रज्ञा पाटीदार चुनाव मैदान में हैं। वह इंटीरियर डिजाइनर हैं और सामाजिक तथा स्वयंसेवा से जुड़े कामों में भी सक्रिय हैं।
उदयपुर की उम्मीदवार सूची में युवाओं के अलग-अलग शैक्षणिक और पेशेवर अनुभव दिखाई देते हैं। यहां छात्र, स्वयंसेवक और युवा प्रोफेशनल चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अजमेर में कांग्रेस आगेअजमेर में भी दोनों प्रमुख दलों ने युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा ने 21 से 29 वर्ष की उम्र के चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पांच Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इस तरह दोनों दलों के युवा उम्मीदवारों की कुल संख्या नौ है।
कोटा में सबसे ज्यादा युवा उम्मीदवारपांच शहरों में सामने आए आंकड़ों में कोटा युवा उम्मीदवारों की संख्या के मामले में सबसे आगे है। यहां भाजपा ने दो Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने 16 युवाओं को चुनावी मैदान में उतारा है।
इस तरह कोटा में दोनों पार्टियों की ओर से कुल 18 Gen Z उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पांच शहरों के उपलब्ध आंकड़ों को देखें तो निकाय चुनावों में दोनों प्रमुख दलों ने युवा वर्ग को खास प्रतिनिधित्व दिया है, जबकि दूसरी ओर जयपुर जैसे शहरों में वरिष्ठ उम्मीदवारों को भी टिकट देकर अनुभव और नई पीढ़ी, दोनों को चुनावी मैदान में जगह दी गई है।