राजस्थान में दर्दनाक हादसा: बूंदी-कोटा हाईवे पर दिल्ली जा रही स्लीपर बस पलटी, 15 यात्री घायल; 4 की हालत गंभीर

राजस्थान के बूंदी जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। कापरेन थाना क्षेत्र में कापरेन और हीरापुर के बीच बूंदी-कोटा लालसोट हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक स्लीपर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। यह बस कोटा से दिल्ली की ओर जा रही थी और इसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब बस चालक ने सड़क पर अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। तेज गति के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंज उठी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के पलटने से कुछ यात्री उसके अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद दो यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल कापरेन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि सभी को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए रास्ता साफ कराया और यातायात को फिर से सुचारू किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

इस हादसे में घायल हुए लोगों में संजीव शुक्ला (23) पुत्र दुर्गाशंकर निवासी बांरा, अभिलाषा (28) पुत्री विजय कुमार निवासी पंजाब, अनुभव झा (24) पुत्र सुरेश झा निवासी बिहार, स्तुति तिवाड़ी (18) पुत्री शिवशंकर तिवाड़ी निवासी कानपुर, लोकेश कुशवाह पुत्र रामस्वरूप कुशवाह निवासी खेड़ा रसूलपुर थाना कैथुन कोटा, मांगीलाल पुत्र बस्तीमल निवासी दानोद थाना तखतगढ़ जिला पाली और ममता पत्नी विजय कुमार निवासी चंडीगढ़ शामिल हैं, जिनका इलाज कापरेन अस्पताल में चल रहा है।

वहीं, आयुष खंडेलवाल (20) निवासी कोटा, साहिल (23) पुत्र ईयासीन निवासी बकरा मंडी कोटा, बलदेव राज (55) पुत्र मोहन लाल सुनार निवासी लुधियाना, शाहरूख पुत्र मोहम्मद उस्मान निवासी कोटा, राघवेंद्र सिंह पुत्र राकेश सिंह निवासी उत्तर प्रदेश, शिव कुमार पुत्र दिनेश निवासी मथुरा और नयाबास थाना बदनवाला निवासी उत्तर प्रदेश को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।