Rajasthan Budget 2026: किसानों के लिए ब्याज मुक्त कर्ज, फ्री इलाज और सस्ती बिजली सहित प्रमुख घोषणाएं

जयपुर: राजस्थान सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश कर दिया है। वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को 21 लाख 52,100 करोड़ रुपये का बजट सदन में पेश करते हुए राज्य के गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। लगभग तीन घंटे चले बजट भाषण में किसानों को ब्याज मुक्त फसली कर्ज, युवाओं को स्वरोजगार योजना और विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप वाउचर जैसी योजनाओं का विवरण दिया गया।

किसानों के लिए बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता

वित्त मंत्री ने किसानों को अल्पकालीन फसली ऋण योजना के तहत ब्याज मुक्त कर्ज देने की घोषणा की। इस योजना के अंतर्गत 35 लाख से अधिक किसानों को 25,000 करोड़ रुपये का ऋण मिलेगा। इसके साथ ही दीर्घकालीन सहकारी कृषि और नॉन-फार्मिंग सेक्टर के लिए 590 करोड़ रुपये पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। यह लाभ लगभग 26 हजार किसानों और लघु उद्यमियों को मिलेगा।

कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने दलहनी और तिलहनी फसलों के उन्नत बीजों का मुफ्त वितरण भी करने का ऐलान किया है। अनुमानित 2.5 लाख से अधिक किसानों को 135 करोड़ रुपये की लागत में उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।

आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा

किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए बजट में बड़े पैमाने पर तारबंदी के लिए सब्सिडी का प्रावधान रखा गया है। कुल 20,000 किलोमीटर तारबंदी का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 228 करोड़ रुपये की सहायता किसानों को दी जाएगी। सामुदायिक तारबंदी के लिए समूह का आकार पहले 10 किसानों तक सीमित था, जिसे अब घटाकर 7 कर दिया गया है, ताकि छोटे किसान समूह भी लाभ उठा सकें।

फ्री इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

बजट की सबसे बड़ी घोषणा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर की गई। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और निरोगी राजस्थान योजना के तहत पात्र परिवारों को फ्री इलाज उपलब्ध होगा। विशेष रूप से उन परिवारों को भी शामिल किया जाएगा जिनके पास आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं। इसके लिए हर पंचायत स्तर पर ‘आरोग्य शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक तंगी या कागजी कमी किसी भी व्यक्ति को इलाज से वंचित न करे।

युवाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और अनुदान मिलेगा। इससे लगभग 30,000 युवाओं को सीधे लाभ होगा। इसके साथ ही 1,000 युवाओं को अंग्रेजी, जापानी और कोरियाई भाषा में प्रशिक्षण देने की भी योजना है।

विद्यार्थियों के लिए बड़े एलान

राजस्थान के मेधावी छात्रों को भी बजट में विशेष प्रोत्साहन दिया गया। 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए लैपटॉप खरीदने के लिए 20 रुपये तक का ई- वाउचर प्रदान किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में प्रोत्साहित करेगी।