फ्री साइकिल, 40 लाख यूनिफॉर्म और टैबलेट-लैपटॉप के लिए 20 हजार रुपये: जानें कौन और कैसे पाएंगे लाभ? बजट में बड़ी घोषणाएं

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार, 11 फरवरी को पेश किए गए बजट में छात्रों से जुड़े कई अहम ऐलान किए। इस बार के बजट भाषण में शिक्षा क्षेत्र को खास तवज्जो दी गई है। विद्यार्थियों के लिए टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये, स्कूली छात्राओं के लिए फ्री साइकिल और सभी ज़रूरतमंद विद्यार्थियों के लिए मुफ्त यूनिफॉर्म की योजनाओं की घोषणा की गई। आइए विस्तार से जानते हैं कि ये लाभ किसे और कैसे मिलेंगे।

टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये

दिया कुमारी ने बजट भाषण में कहा कि राजस्थान सरकार मेधावी छात्रों को पढ़ाई में प्रोत्साहित करने के लिए ई-वाउचर के माध्यम से सहायता देगी।

यह योजना 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के चयनित मेधावी विद्यार्थियों के लिए होगी।

विद्यार्थियों को टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये तक का ई-वाउचर दिया जाएगा।

यह राशि नकद नहीं दी जाएगी और न ही बैंक खाते में डाली जाएगी। बल्कि, इलेक्ट्रॉनिक वाउचर के जरिए इसका लाभ लिया जा सकेगा।

यानी विद्यार्थी खुद वाउचर का इस्तेमाल करके अपने स्तर पर टेबलेट या लैपटॉप खरीद सकेंगे। यह कदम छात्रों को तकनीकी शिक्षा में आत्मनिर्भर बनाने और उनकी पढ़ाई में मदद देने का उद्देश्य रखता है।

निःशुल्क साइकिल योजना

बजट में फ्री साइकिल योजना भी शामिल है।

इसके तहत आगामी वर्ष में 9वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली जरूरतमंद छात्राओं को ई-वाउचर दिए जाएंगे।

यह योजना सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए होगी।

छात्राएं इस वाउचर से स्वयं साइकिल खरीद सकेंगी।

इससे न केवल लड़कियों की स्कूल में उपस्थिति बढ़ेगी बल्कि शिक्षा तक उनकी पहुँच भी मजबूत होगी।

मुफ्त यूनिफॉर्म

दिया कुमारी ने 1 से 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त यूनिफॉर्म देने की भी घोषणा की।

लगभग 40 लाख जरूरतमंद विद्यार्थियों को यह लाभ मिलेगा।

इस योजना पर 250 करोड़ रुपये का व्यय होगा।

राशि सीधे DBT (Direct Bank Transfer) के जरिए विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

यानी यूनिफॉर्म भी उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्हें आर्थिक मदद की ज़रूरत है।