प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, जिसमें कई देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और उच्च पदस्थ मंत्री शामिल हुए। बड़ी-बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के अधिकारी भी वहां मौजूद थे। सभी ने खुले दिल से भारत की तारीफ की।
पीएम मोदी ने सवाल किया, “जब पूरी दुनिया भारत की तारीफ करती है, तब आपको गर्व महसूस नहीं होता? माथा ऊँचा नहीं होता, सीना चौड़ा नहीं होता?”
लेकिन इसी बीच निराशा और लगातार हार झेल रही कांग्रेस ने क्या किया, ये सबने देखा।
देश को बदनाम करने की कोशिश
पीएम मोदी ने कहा कि निराशा में डूबी कांग्रेस ने विदेशियों के सामने देश की छवि को खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस हार का बदला गुस्से में देश को बदनाम कर रही है और यह एक जानबूझकर किया गया ड्रामा है।
कांग्रेस अब MMC बन गई हैमोदी ने कहा कि कभी कांग्रेस INC (Indian National Congress) के रूप में जानी जाती थी, लेकिन अब वह MMC (Muslim League Maoist Congress) बन चुकी है। पीएम मोदी ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि पहले मुस्लिम लीग ने भारत को विभाजित किया था, और आज कांग्रेस वही काम कर रही है। उन्होंने जोड़ा कि माओवादी भी देश की समृद्धि, संविधान और लोकतंत्र से नफरत करते हैं, और कांग्रेस भी उसी तरह घात लगाकर देश को बदनाम करने की कोशिश करती है।
बच्चियों की शिक्षा और सरकारी योजनाएं
पीएम मोदी ने याद दिलाया कि पहले कई लड़कियां स्कूल छोड़ देती थीं क्योंकि स्कूलों में टॉयलेट नहीं थे और गरीब लड़कियां सेनेटरी पैड नहीं खरीद पाती थीं। पुराने समय में सत्ता में रहने वाले इन छोटी समस्याओं पर ध्यान नहीं देते थे।
मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने मिशन मोड पर इन समस्याओं का समाधान किया।
संवेदनशील सरकार, विकास की ओरप्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने सुरक्षित मां योजना शुरू की, जिससे माताओं को पोषण मिल सके, और उज्ज्वला योजना शुरू की ताकि महिलाएं धुएं में खांसती न रहें।
उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार सत्ता के लिए नहीं, संवेदनशीलता के लिए काम करती है। हमारी डबल इंजन वाली सरकार राजस्थान की विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है।”
इन्फ्रास्ट्रक्चर और विकासमोदी ने बताया कि अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधा सिर्फ यात्रा को आसान नहीं बनाती, बल्कि पूरे इलाके की किस्मत बदल देती है। जब गांव-गांव सड़कें पहुंचती हैं, तो किसान अपनी फसल सही दाम पर बेच पाता है और व्यापारी समय पर सामान भेज सकता है।
पीएम मोदी ने यह भी जोर दिया कि विकास का मार्ग तभी सशक्त होता है जब लोग सुविधाओं का सही इस्तेमाल कर सकें और देश के हर हिस्से में समृद्धि पहुंचे।