बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव मंगलवार (17 फरवरी) को जेल से रिहा होने के बाद सीधे अजमेर दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की मजार पर चादर चढ़ाकर अपनी जिंदगी में सफलता, सुकून और खुशहाली की दुआ मांगी। दरगाह पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया और विधिवत ज़ियारत कराई गई।
दरगाह के खादिम पीर सैय्यद नफीस मियां ने उन्हें मजार की ज़ियारत कराई, दस्तारबंदी की और तबर्रुक भेंट किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें ख्वाजा गरीब नवाज में गहरी आस्था है। उनका कहना था कि जब भी जीवन में कठिन दौर आता है, वे ख्वाजा साहब को याद करते हैं और यहां से उन्हें नई ऊर्जा मिलती है।
‘देश में नफरत नहीं, मोहब्बत बढ़े’पप्पू यादव ने विशेष रूप से देश में भाईचारा और आपसी सौहार्द के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मुल्क से नफरत, हिंसा और गरीबी खत्म होनी चाहिए। “ऐसी दुआ है कि किसी की आंख में आंसू न रहे और हर चेहरा मुस्कुराता दिखे,” उन्होंने कहा। उन्होंने इसे सिर्फ निजी श्रद्धा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा कदम बताया।
‘मैं दरगाह में भिखारी बेटे की तरह आया हूं’अपने संबोधन में पप्पू यादव ने कहा कि वे ख्वाजा साहब के दरबार में किसी नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक “भिखारी बेटे” की तरह पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वे समाज सेवा की ताकत मांगने आए हैं। “दुनिया अपने लिए जीती है, मैं दुनिया के लिए जीना चाहता हूं। लोग अपने लिए हाथ फैलाते हैं, मैं दूसरों के लिए हाथ खोलना चाहता हूं,” उन्होंने भावुक अंदाज में कहा।
उन्होंने आगे कहा कि वे राजस्थान में अमन-चैन और खुशहाली की कामना करते हैं। साथ ही जनता से ऐसी ताकत मिलने की दुआ की, जिससे वे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा सकें और हर धर्म, जाति और वर्ग की बेटियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर सकें।
बिहार की तरक्की पर भी की बातबातचीत के दौरान पप्पू यादव ने बिहार की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिहार को अक्सर देश के गरीब राज्यों में गिना जाता है, जबकि यह राज्य देश के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाता है। “बिहार मानवता के लिए जीता है, लेकिन खुद की समृद्धि के लिए संघर्ष करता है। इसलिए वहां आर्थिक विकास और खुशहाली बेहद जरूरी है,” उन्होंने कहा। उन्होंने बिहार के हर परिवार के सुख-समृद्धि के लिए दुआ करने की बात भी दोहराई।
‘संविधान का सम्मान हो’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “सबका साथ, सबका विकास” नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सभी को सही समझ और सद्भावना मिले। उन्होंने कहा कि देश का संविधान सर्वोपरि होना चाहिए और सभी धर्मों व समुदायों का सम्मान किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, गीता, कुरान, बाइबिल और रामायण की तरह संविधान को भी समान आदर मिलना चाहिए।
सेल्फी लेने वालों की भीड़दरगाह में उनकी मौजूदगी के दौरान जायरीन में उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली। खासकर बिहार से आकर अजमेर में कारोबार कर रहे लोगों ने उनसे मुलाकात की और फूलमालाओं से स्वागत किया। दरगाह परिसर और आसपास काम कर रहे बिहारियों ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।