नैनवां (बूंदी) : जिले के नैनवां उपखंड से शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीजलबा गांव में स्थित एक फार्म पॉन्ड (खेत तलाई) में नहाने गए दो सगे चचेरे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया और दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में गम का माहौल पसरा हुआ है।
नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अंकित पुत्र सूरजमल और 18 वर्षीय किरोड़ी पुत्र हेमराज के रूप में हुई है। दोनों किशोर मूल रूप से करवर थाना क्षेत्र के फटूकड़ा गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि दोनों गुरुवार को ही बीजलबा गांव अपने रिश्तेदार शोपाल के घर एक पारिवारिक रसोई (भोज) कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
नहाते समय गहराई का नहीं लगा अंदाजा, पानी में डूबे दोनों किशोरशुक्रवार शाम को दोनों भाई अपने रिश्तेदार के बेटे के साथ पास ही स्थित फार्म पॉन्ड में नहाने के लिए चले गए। शुरुआत में सभी सामान्य रूप से पानी में खेल रहे थे, लेकिन इसी दौरान दोनों किशोर अनजाने में गहरे हिस्से की ओर बढ़ गए। तैरना न आने के कारण वे अचानक पानी में डूबने लगे और मदद के लिए छटपटाने लगे। उनके साथ मौजूद बच्चे ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो वह घबरा गया और तुरंत गांव की ओर दौड़ पड़ा।
उसने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल प्रयास कर दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें नैनवां उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं तहसीलदार रामराय मीणा भी उप जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजन लगातार बेसुध हालत में हैं।