प्रदेश में नीट पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा सरकार पर लगातार लगाए जा रहे आरोपों के बाद बीजेपी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
‘NTA पर भरोसा नहीं तो किस पर करें?’ — राठौड़ का सवालमदन राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जब पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है तो जेपीसी की मांग का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस NTA पर भरोसा नहीं करती तो फिर देश को किस पर भरोसा करना चाहिए—अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा या सचिन पायलट पर?
राठौड़ ने दावा किया कि सीबीआई एक सक्षम एजेंसी है, जिसके पास जांच, गिरफ्तारी और कार्रवाई की पूरी शक्ति मौजूद है। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार में जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम कर रही हैं, जबकि पहले के समय में उन पर दबाव बनाया जाता था।
कांग्रेस सरकार पर पुरानी परीक्षाओं को लेकर आरोपबीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं को लेकर कई गंभीर विवाद सामने आए थे। उन्होंने रीट-2021 परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षा संकुल से पेपर चोरी की घटना ने पूरे देश को हिला दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने खुद पेपर लीक स्वीकार किया था, लेकिन केवल एक स्तर की परीक्षा को रद्द किया गया जबकि दूसरे स्तर के परिणाम जारी कर नियुक्तियां दे दी गईं। राठौड़ ने यह भी कहा कि एसआई भर्ती परीक्षा के दौरान भी गंभीर सवाल उठे थे, लेकिन उस समय पेपर लीक को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया गया।
‘भजनलाल सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं’ — बीजेपी का दावामदन राठौड़ ने कहा कि वर्तमान भजनलाल सरकार के कार्यकाल में अब तक किसी भी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जिनके शासन में लगातार पेपर लीक हुए हों, उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलते ही केंद्र सरकार और NTA ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी और दोषियों की गिरफ्तारी की जा रही है। उनके अनुसार, यह मामला कई राज्यों से जुड़ा हुआ था, जो आगे चलकर राजस्थान तक पहुंचा।
पेट्रोल-डीजल और टैक्स पर कांग्रेस को जवाबपेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल में लगाए गए भारी वैट और टैक्स का हिसाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय ईंधन पर अधिक टैक्स लगाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया था। इसके विपरीत, केंद्र सरकार वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश में ऊर्जा आपूर्ति को संतुलित बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
विपक्ष पर सिर्फ आलोचना की राजनीति का आरोपराठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार संसाधनों के बेहतर उपयोग और बचत की अपील कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय “पानी बचाओ, बिजली बचाओ” जैसे अभियानों पर भी कभी विवाद नहीं किया गया, लेकिन आज विपक्ष केवल आलोचना की राजनीति में उलझा हुआ है।
उन्होंने अंत में कहा कि मौजूदा सरकार विकास और पारदर्शिता के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त है।