कोटा में मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा हमला— ‘राष्ट्रभक्ति का पाठ अब भाजपा सिखाएगी’

कोटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे राष्ट्रभक्ति के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रहित की भावना की कमी साफ नजर आती है और अब देश की जनता ही उन्हें देशभक्ति का पाठ पढ़ा रही है। राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा ही कांग्रेस को सही दिशा दिखाएगी और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करेगी।

अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में चर्चा में रही फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर भी कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस फिल्म से आपत्ति होना इस बात का संकेत है कि कहीं न कहीं उसे इसमें दिखाए गए मुद्दों से असहजता हो रही है। राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ जैसी प्रतीत होती है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह देश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है और जनता को भड़काने में लगा हुआ है।

राठौड़ अपने कोटा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे विदेश नीति जैसे गंभीर विषयों पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि उन्हें इसकी गहराई का पूरा ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल में आई ‘धुरंधर’ फिल्मों में कई घटनाओं को दर्शाया गया है, जिन पर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कदम के जरिए नकली नोटों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था
उन्होंने यह भी बताया कि वे ‘धुरंधर’ फिल्म को लेकर राज्यसभा में अपनी बात रख चुके हैं। उनके अनुसार, जब वे इस मुद्दे पर बोल रहे थे, तब कांग्रेस के सदस्य चुप रहे और किसी ने विरोध नहीं किया। अब वही लोग फिल्म का विरोध कर रहे हैं, जो उनके अनुसार विरोधाभासी रवैया दर्शाता है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि फिल्मों को पूरी तरह तथ्यात्मक मानना जरूरी नहीं होता, लेकिन उन पर अनावश्यक विवाद खड़ा करना भी उचित नहीं है।

राजनीतिक नियुक्तियों के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि फिलहाल संगठन की ओर से नाम नहीं मांगे गए हैं, लेकिन जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आने वाले एक-दो महीनों में इस दिशा में निर्णय लिए जाने की संभावना है।

कांग्रेस पर एक और गंभीर आरोप लगाते हुए राठौड़ ने कहा कि पूर्व में ऐसे फैसले लिए गए, जिनसे देश की सुरक्षा पर सवाल उठे। उन्होंने दावा किया कि एक समय भारत में नोट छापने की मशीन का ठेका ऐसी विदेशी कंपनी को दिया गया, जो पाकिस्तान को भी इसी तरह की तकनीक उपलब्ध करा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग हुआ, जिसे बाद में नोटबंदी के जरिए नियंत्रित करने की कोशिश की गई।