जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित किए गए जोधपुर एयरपोर्ट के अत्याधुनिक नए टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित हवाई सेवाओं का विधिवत संचालन शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पहले यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट और स्वागत किट भेंट कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। नए टर्मिनल से पहली नियमित उड़ान की शुरुआत को लेकर एयरपोर्ट परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
पहली उड़ान से जोधपुर पहुंचने वाले यात्रियों का भी पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। लंगा और मांगणियार लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बैंड-बाजों की मंगलध्वनि, पुष्पगुच्छ और पारंपरिक आतिथ्य के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यात्रियों के साथ केक काटकर खुशी साझा की और नए टर्मिनल के संचालन का जश्न मनाया।
वर्षों के प्रयासों के बाद साकार हुआ सपनामीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों से जोधपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और नए टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। कई प्रशासनिक और तकनीकी चुनौतियों के बावजूद आखिरकार यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूरी हो सकी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को लोकार्पित इस आधुनिक टर्मिनल से आज नियमित विमान सेवाओं का आरंभ होना न केवल जोधपुर बल्कि पूरे मारवाड़ क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह के दौरान जो वादा किया गया था, उसके अनुरूप 12 जुलाई से नियमित उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया है। सुबह की पहली किरण के साथ नए टर्मिनल से विमान परिचालन की शुरुआत इस बात का संकेत है कि जोधपुर अब आधुनिक नागरिक उड्डयन सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएंशेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल से यात्रा करने वाले यात्रियों के चेहरे पर दिखाई देने वाला उत्साह और संतोष इस परियोजना की सफलता को दर्शाता है। उनका कहना था कि अब जोधपुर आने और यहां से यात्रा करने वाले लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राजस्थानी आतिथ्य का भी अनुभव मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया टर्मिनल आने वाले समय में जोधपुर की नई पहचान बनेगा और शहर के विकास को नई गति देगा।
हवाई संपर्क में कई गुना हुआ विस्तारकेंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 की तुलना में आज जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या दस गुना से अधिक बढ़ चुकी है। इसी अवधि में विमान परिचालन में भी लगभग दस गुना वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में जोधपुर का हवाई संपर्क देश के अधिकांश प्रमुख शहरों से स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पर्यटन सीजन के दौरान शहर की एयर कनेक्टिविटी और भी अधिक मजबूत हो जाती है। भविष्य में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विस्तार के साथ जोधपुर की हवाई सेवाएं और अधिक व्यापक तथा सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
सड़क और रेल नेटवर्क में भी हुआ उल्लेखनीय विकासगजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में केवल हवाई सेवाओं में ही नहीं, बल्कि सड़क और रेल अवसंरचना के क्षेत्र में भी जोधपुर ने तेज गति से विकास किया है। नई रेल सेवाओं, आधुनिक रेलवे सुविधाओं, फोरलेन सड़कों, एलिवेटेड रोड, बाईपास और अन्य आधारभूत परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। इन विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों, पर्यटकों और व्यापारिक गतिविधियों को मिल रहा है।
इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली, राजेन्द्र पालीवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। सभी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से नियमित उड़ानों की शुरुआत को शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।