झालरापाटन पंचायत समिति में भाजपा को बहुमत, 21 में से 13 सीटों पर जीत

झालावाड़ जिले की झालरापाटन पंचायत समिति के चुनाव परिणाम में भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया है। यहां कुल 21 सीटों में से भाजपा ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को सात सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।

झालरापाटन पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 11 सीटों का है। भाजपा ने 13 सीटें जीतकर यह आंकड़ा पार कर लिया है। इस परिणाम के बाद पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव को लेकर भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।

वार्डवार परिणामों में भाजपा के कई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वार्ड 1 से ओंकार लाल, वार्ड 2 से हरीश कुमार, वार्ड 3 से संतोष बाई, वार्ड 4 से संतोष और वार्ड 5 से सपना भील विजयी रहीं। कांग्रेस ने भी कुछ वार्डों में जीत हासिल की। वार्ड 6 से भमजी कंवर, वार्ड 8 से कविता बाई और वार्ड 9 से अनीता ने जीत दर्ज की।

झालावाड़ जिले की अन्य पंचायत समितियों में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लेकिन झालरापाटन में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया।