जयपुर में अगले महीने से ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत होने जा रही है। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान इस योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मार्च–अप्रैल से राजधानी जयपुर में दिल्ली मॉडल की तरह ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा के तहत ड्राइवरों को पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, वहीं आम नागरिकों को किफायती दरों पर सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
उदयपुर मॉडल से होगी शुरुआत
मंत्री ने कहा कि करीब एक साल पहले उदयपुर में ‘टॉप अप राइड’ सेवा की शुरुआत हुई थी। इस सेवा के तहत पर्यटकों को मात्र 350 रुपए में यात्रा की सुविधा मिलती है। जयपुर में भी इसी मॉडल को अपनाकर ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू की जा रही है, ताकि यात्री सस्ती और भरोसेमंद सेवा का अनुभव कर सकें। सहकारी समितियों को मिलेगा आर्थिक समर्थन
गौतम दक ने बताया कि केंद्र सरकार की नई पहल के तहत सहकारी समितियों को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मंत्री ने यह भी कहा कि सहकारी समितियों में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और समर्थन मूल्य खरीद में गड़बड़ी करने वाले पटवारियों को निलंबित किया गया है।
खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती
सहकारिता मंत्री ने यह भी कहा कि विभाग में खाली पदों को जल्द भरा जाएगा, ताकि संचालन और व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा, सहकारी समितियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आमसभा आयोजित करना अनिवार्य होगा। इन सभाओं में विधायकों को अपने प्रतिनिधि भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि निर्णय प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों की निगरानी सुनिश्चित हो सके।