राजस्थान की राजधानी जयपुर के नारायण विहार इलाके में एक दुकानदार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की और बाद में अपने साथियों के साथ लौटकर दुकानदार पर गोलियां चलाईं। दुकानदार इस हमले में बाल-बाल बच गया।
मामला नारायण विहार के बी ब्लॉक में हरिओम धर्मकांटा के पास स्थित एक बजरी सप्लाई की दुकान का है। दुकानदार महेंद्र प्रताप सिंह भाटी ने 17 नवंबर को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मुख्य आरोपी सचिन शर्मा पहले उसी दुकान पर काम करता था। नौकरी से हटाए जाने के बाद से उसके और दुकानदार पक्ष के बीच रंजिश चल रही थी।
आरोप है कि 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे सचिन दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए वहां खड़े लोडिंग वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके बाद वह धमकी देकर चला गया। तड़के करीब चार से पांच बजे वह कुछ साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचाया गया।
आवाज सुनकर दुकानदार ने जैसे ही दुकान का गेट खोला, आरोपियों ने उस पर तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। दुकानदार ने किसी तरह खुद को बचाया। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय थाना टीम और जिला विशेष टीम को मिलाकर संयुक्त कार्रवाई की। तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सचिन शर्मा, अनुपम सिंह और अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुरानी नौकरी संबंधी रंजिश और आपसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।