जयपुर ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन एंटी वेनम (Operation Anti-Venom) अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लगातार नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए, पुलिस ने सामोद इलाके के विजयसिंहपुरा-बांसा गांव में छापा मारकर गांजे की अवैध खेती (Illegal Cannabis Farming) का पर्दाफाश किया।
नींबू और बेर के बाग में छुपाए गए 1510 पौधे
पुलिस के अनुसार, आरोपी भैरूराम सैनी लंबे समय से अपने ही बगीचे में गांजे की खेती कर रहा था। उसने नींबू, बेर और घनी झाड़ियों के बीच लगभग 1510 गांजे के पौधे इस तरह छुपा रखे थे कि सामान्य नजर से उन्हें देख पाना मुश्किल था। DST टीम मौके पर पहुंची और सभी पौधों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
इस पूरी कार्रवाई का संचालन ASP रजनीश पूनिया के निर्देशन में हुआ। DST टीम के ASI रामनिवास मीणा और सत्येंद्र ने छापा मारा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेती केवल लोकल स्तर तक सीमित थी या इसके लिंक कहीं और भी जुड़े हुए हैं।
नशे के खिलाफ सख्त रुख
जयपुर ग्रामीण SP हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशन में पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम कर रही है। यह कार्रवाई इसी नीति का हिस्सा है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
इससे पहले गोविंदगढ़ के खेजरोली कस्बे में भी पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई की थी। वहां एक व्यक्ति ने खेत में गांजे की फसल उगाई थी। उस मामले में पुलिस ने 1057 पौधे जब्त किए थे और NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।