जयपुर में शादीशुदा युवक ने 11 साल छोटी प्रेमिका संग ट्रेन के आगे लगाई छलांग, सुसाइड नोट नहीं मिला

जयपुर के बस्सी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह हादसा रीको फाटक के पास मंगलवार देर रात हुआ, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। शुरुआती पड़ताल में यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय उत्तम और 19 वर्षीय खुशी मीणा के रूप में हुई है। दोनों की पहचान घटनास्थल के पास खड़ी एक बाइक के जरिए की गई।

पुलिस जांच में अब तक किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना अधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, मौके से कोई ठोस डिजिटल या भौतिक सबूत भी नहीं मिला है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। जानकारी के अनुसार, उत्तम पहले से शादीशुदा था और करीब पांच साल पहले उसकी शादी आंचल नाम की महिला से हुई थी। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उत्तम का स्वभाव शांत था और वह धागा पिरोने का काम करता था। इसके अलावा वह रैपिडो चलाकर अपनी आजीविका भी चलाता था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। वहीं खुशी मीणा एक कॉलेज छात्रा थी और अपने परिवार में चार भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर थी। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार रात करीब 9 बजे घर से बिना बताए निकली थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी और जामडोली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

माना जा रहा है कि दोनों की मुलाकात करीब दो साल पहले जामडोली स्थित घाट बालाजी मंदिर के पास हुई थी, जहां से उनका परिचय धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गया। घटना वाली रात दोनों करीब 15 किलोमीटर का सफर तय कर बस्सी रीको फाटक पहुंचे और वहां यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।