अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब 6 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी वोल्वो स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 50 से 52 लोग घायल हो गए। बस में सवार सभी यात्री गोवर्धन में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे के वक्त बस में महिला, पुरुष और बच्चे सभी मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
तेज रफ्तार में बेकाबू हुई बस, एक्सप्रेस-वे से नीचे उतरकर पलटीजानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 139.600 पर चल रही वोल्वो स्लीपर बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमसूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस, एनएचएआई की एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी बने सिंह मीणा ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान की कमान संभाली। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी के अनुसार करीब 45 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए पिनान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर घायल जयपुर रेफर, बच्ची की हालत नाजुकहादसे में 6 लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं 14 वर्षीय एक बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची को विशेष इलाज की जरूरत है।
यात्रियों ने बताया कैसे हुआ हादसाघायल यात्री ललिता गोयल ने बताया कि वह गंगापुर सिटी की रहने वाली हैं और सवाई माधोपुर होते हुए वृंदावन जाने वाली बस में सवार हुई थीं। सभी यात्री धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोवर्धन जा रहे थे, तभी अचानक यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कुछ देर के लिए मची अफरा-तफरी, बाद में बहाल हुआ यातायातहादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और एनएचएआई टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और यातायात को फिर से सुचारू कर दिया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है।
श्योपुर से आए थे श्रद्धालु, पूरा परिवार शामिल थाबस में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के अग्रवाल परिवार के करीब 50 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। सभी लोग गोवर्धन में होने वाली भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घायलों की सूची और अस्पताल में इलाज जारीहादसे में घायल यात्रियों में संतोष शर्मा, ममला किशोर गर्ग, सरोज बंसल (विजयपुर, एमपी), ललिता गोयल (गंगापुर सिटी), संतोष गर्ग (श्योपुर), चतुर्ला (सवाई माधोपुर), शेंकी गोयल, असरफ खान, गिर्राज, कीर्ति, जेम्सी गर्ग, मिम्मी गोयल, आजाद खान, विमला, बादाम गर्ग, दीपा गर्ग, पीनीता जैन, हार्दिक जैन, सेल्सी जैन, सेल्फी गर्ग, काव्या गर्ग, अंजना, निर्मला, ममता गोयल, वशिरा, लता गर्ग, आदित्य शर्मा, मुन्नी देवी, कनीरा अग्रवाल, हर्पित अग्रवाल, प्रेम लता, मानवी, तारा बाई, अर्चना, गीता देवी, दिलीप बंसल सहित कई लोग शामिल हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थितिअलवर जिला अस्पताल में भर्ती 6 मरीजों में से 2 की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि 4 लोग अभी भी घायल हैं। इनमें 63 वर्षीय गीता (पत्नी हरिशंकर, सवाई माधोपुर), 57 वर्षीय ललिता (गंगापुर सिटी), 55 वर्षीय विमला (खंडार, सवाई माधोपुर) और 62 वर्षीय हरिशंकर (खंडार, सवाई माधोपुर) का इलाज चल रहा है।