अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। चलती कार में अचानक आग लगने से उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया। इस हादसे की भयावहता ने पूरे इलाके को दहला दिया।
डीएसपी कैलाश जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना रात करीब 1 बजे मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के समीप हुई। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
3 महिलाओं और एक बच्ची सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौतइस भीषण हादसे में मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक छोटी बच्ची और एक पुरुष सहित कुल पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कार चला रहे श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन वह भी इस हादसे में करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस को दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। कुछ ही देर में लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस, एसएचओ नेकीराम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास के साथ घायलों को अस्पताल भेजा गया।
गंभीर हालत में चालक अस्पताल में भर्तीडीएसपी कैलाश जिंदल स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से झुलसे चालक विनोद कुमार मेहर को प्राथमिक उपचार के लिए पिनान सीएचसी ले जाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज अलवर के सामान्य अस्पताल में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिस टीम मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।