साइबर अपराध पर सख्त हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पुलिस मुख्यालय में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर साइबर अपराध की रोकथाम और उससे निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साइबर क्राइम नियंत्रण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और कहा कि राज्य सरकार साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिशा में आधुनिक तकनीक, आवश्यक संसाधनों और सभी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर-4-सी) का दौरा किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के निस्तारण और तकनीकी तंत्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों और निगरानी प्रणाली का भी जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की कार्यप्रणाली को भी करीब से समझा। उन्होंने स्वयं हेल्पलाइन पर आए एक पीड़ित की शिकायत सुनी और यह जाना कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसे किस प्रकार संबंधित पुलिस थाने और संबंधित बैंक तक तत्काल भेजा जाता है। अधिकारियों ने उन्हें पूरी प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह शिकायत प्राप्त होने से लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू होने तक की व्यवस्था संचालित की जाती है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के लाइव डैशबोर्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वास्तविक समय में दर्ज हो रहे मामलों, शिकायतों की मॉनिटरिंग और उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय के माध्यम से आम नागरिकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।