बीजेपी दफ्तर में CM भजनलाल शर्मा को मिला खास कमरा, जो पहले वसुंधरा राजे के लिए था निर्धारित

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए आखिरकार एक स्थायी कक्ष निर्धारित कर दिया गया है। पार्टी दफ्तर के कमरा नंबर 5 के बाहर अब उनके नाम की नेम प्लेट भी लगा दी गई है। माना जा रहा है कि 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री इसी कमरे से अपने कार्यों की नई शुरुआत कर सकते हैं, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

पहले वसुंधरा राजे के लिए था निर्धारित


यह वही कमरा है जिसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए तय किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान वसुंधरा राजे इसी कक्ष से कामकाज संभालती थीं। हालांकि, अब तक पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई थी, लेकिन अब इस फैसले के साथ यह स्थिति स्पष्ट हो गई है।
संगठन और सरकार के बीच बढ़ेगा तालमेल

बीजेपी प्रदेश कार्यालय के प्रभारी मुकेश पारीक के अनुसार, मुख्यमंत्री को अक्सर पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत करनी होती है। ऐसे में यह कक्ष उनके लिए एक उपयुक्त स्थान साबित होगा। पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि संगठन कार्यालय में मुख्यमंत्री की नियमित मौजूदगी से कार्यकर्ताओं को सीधे संवाद का अवसर मिलेगा और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।