किसान, युवा, महिला और मजदूर के सशक्तिकरण से विकसित राजस्थान की ओर बढ़ रही सरकार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार योजनाओं को केवल कागज़ों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बना रही है। सरकार ने स्पष्ट रोडमैप के साथ पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में दिखाई देने लगा है।

मुख्यमंत्री शनिवार को अजमेर जिले के केकड़ी में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करीब 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास किया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 18 हजार किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण भी पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक सड़क मार्गों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ-साथ रेल संपर्क का विस्तार और नए हवाई अड्डों का विकास भी राजस्थान को नई विकास गति प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान जैसे राज्य के लिए जल प्रबंधन सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी सोच के साथ सरकार ने हर घर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के चार प्रमुख वर्ग—किसान, मजदूर, महिला और युवा—को विकास की मुख्य धुरी माना है और इन्हीं वर्गों के समग्र उत्थान के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दी है और भविष्य में इसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने के साथ बिजली बिलों में भी अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के तहत एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से अब तक 22 लाख से अधिक पशुओं का बीमा किया जा चुका है, जिससे पशुपालकों को सुरक्षा कवच मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार दोनों क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार कर रही है। अब तक प्रदेश में 1 लाख 78 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी लगभग साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि डेयरी क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से ग्रामीण युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण राजस्थान तेज़ी से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार प्रभावी नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।

दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्वस्तरीय परियोजनाओं का लोकार्पण सरकार की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधारभूत ढांचे, उद्योग, कृषि, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राजस्थान आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।