पंचायत चुनाव से पहले बीजेपी सक्रिय, SC मोर्चा की नई टीम का ऐलान; कई नए चेहरों को मौका

राजस्थान में पंचायत चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने एससी मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए पदाधिकारियों की सूची जारी की है। यह सूची प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर तैयार की गई है। नई टीम में कुल 47 पदाधिकारियों को जगह दी गई है, जिसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्रियों के नाम शामिल हैं।

इस नई नियुक्ति में पार्टी ने कई नए चेहरों को मौका दिया है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों का संतुलन बनाए रखने पर भी खास ध्यान दिया गया है, ताकि हर इलाके का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। इससे पहले 25 मार्च को बीजेपी ने मीडिया प्रभारियों की सूची भी जारी की थी, जिससे साफ है कि पार्टी लगातार संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटी हुई है।
चुनाव से पहले संगठन विस्तार पर जोर

नई टीम में जयपुर, उदयपुर, अलवर, भरतपुर सहित कई जिलों के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस सूची को आगामी पंचायत चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी ने मोर्चों और संगठन के विभिन्न पदों पर नियुक्तियां कर चुनावी तैयारियों को और गति दे दी है।

बीजेपी की रणनीति के तहत इस नई टीम को पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों से पहले पूरी तरह सक्रिय किया जाएगा। इससे जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को संगठित करने में मदद मिलेगी।

इन पदों पर हुई प्रमुख नियुक्तियां

नई कार्यकारिणी में कुल 47 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।

प्रदेश महामंत्री के रूप में ओम प्रकाश जेदिया, राजेश और मुकेश गर्ग को जिम्मेदारी दी गई है।
मुकेश किराड़ समेत 8 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा बाबूलाल वर्मा और नरसी किराड़ सहित 12 प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति की गई है।

इस तरह बीजेपी ने संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी मोड में पूरी तरह उतरने के संकेत दे दिए हैं।