पहली बार एक मंच पर नजर आएंगे नितिन नवीन और भजनलाल शर्मा, सचिन पायलट के गढ़ टोंक में बीजेपी का भव्य शक्ति प्रदर्शन

टोंक में भारतीय जनता पार्टी की प्रस्तावित मेगा रैली को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। 27 अप्रैल को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक ही मंच से कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा होगा, जिसे पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह भी है कि टोंक विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस नेता सचिन पायलट का मजबूत गढ़ माना जाता है, ऐसे में यहां आयोजित हो रही यह सभा राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।

इस कार्यक्रम के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में भी कई कदम उठाए जाएंगे। टोंक में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा, वहीं राज्य के छह अन्य जिलों में बने नए पार्टी कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जोड़ने के उद्देश्य से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।
सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और स्वागत की तैयारियां भी भव्य स्तर पर की जा रही हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए राजस्थानी परंपरा के अनुसार विशेष इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक करीब 11 स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्वागत की योजना बनाई गई है, जिससे माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बनाया जा सके।

तैयारियों की निगरानी पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पहले ही सभा स्थल पर पहुंचकर भूमि पूजन किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री भी इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।