सीएम भजनलाल शर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

जयपुर में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शासन सचिवालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सचिवालय परिसर में आयोजित राम धुन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

राम धुन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजनों का श्रवण किया। कार्यक्रम में गांधी जी के विचारों और उनके जीवन से जुड़े आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पक्ष की झलक भी देखने को मिली।

गांधी सर्किल पर राज्यपाल के साथ पुष्पांजलि


इसके बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पहुंचे। यहां दोनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

गांधी सर्किल पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने राम धुन की प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया।

कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, सांसद मंजू शर्मा और जयपुर के महापौर सुनील कोठारी भी मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।