बांसवाड़ा में तब्लीगी जमात के 12 सदस्य हिरासत में, कार्रवाई के दौरान पुलिस से हुई नोकझोंक

बांसवाड़ा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तहत पुलिस ने तब्लीगी जमात से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग धार्मिक प्रचार के उद्देश्य से जिले के बागीदौरा कस्बे में पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि ये लोग बिना किसी पूर्व अनुमति या सूचना के अन्य राज्य से यहां आए थे। जब पुलिस ने पूछताछ और समझाइश की कोशिश की, तो इनका व्यवहार उग्र हो गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

गोधरा से बागीदौरा पहुंचे थे सदस्य

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बागीदौरा चौकी को सूचना मिली थी कि गुजरात के गोधरा से तब्लीगी जमात का एक समूह कस्बे में सक्रिय है। बताया गया कि करीब 10 से 12 लोग पिछले दो दिनों से बागीदौरा और आसपास के इलाकों में छोटे-छोटे समूहों में घूम रहे थे। इस जानकारी के बाद कलिंजरा थाना क्षेत्र से एसआई बागीदौरा पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

खुद को बताया धार्मिक जागरूकता अभियान का हिस्सा

जांच के दौरान पुलिस ने बागीदौरा की मस्जिद क्षेत्र में, रमेशचंद्र जाप्ते के मकान के पीछे वाली गली में तब्लीगी जमात के सदस्यों को रोका। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे गोधरा से आए हैं और रमजान से पहले विभिन्न गांवों में जाकर धार्मिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने थाना क्षेत्र में प्रवेश करने या किसी भी तरह की गतिविधि को लेकर कोई आधिकारिक सूचना पहले नहीं दी थी।

समझाने पर बढ़ा तनाव, पुलिस से उलझे आरोपी

पुलिस का कहना है कि जब इन लोगों को नियमों के बारे में समझाया गया और उनसे आवश्यक जानकारी मांगी गई, तो वे अचानक आक्रोशित हो गए और पुलिस से बहस करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और शांति भंग होने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने तत्काल कदम उठाया।

कानून-व्यवस्था के तहत हुई गिरफ्तारी

हालात को संभालते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 126 से 170 के अंतर्गत सभी 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक तलाशी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें पुलिस निगरानी में चौकी लाया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी आरोपियों के परिजनों को भी दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।