अगर सुबह की सैर के दौरान अचानक सामने पैंथर आ जाए तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, इसका अंदाजा इन दिनों राजस्थान के बांसवाड़ा में लगे डर से लगाया जा सकता है। शहर से सटे श्यामपुरा वन क्षेत्र में एक बार फिर जंगली पैंथर की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोग अब मॉर्निंग वॉक या खुले में टहलने से भी हिचकिचाने लगे हैं। हाल ही में मुख्य सड़क के पास बनी एक दीवार पर दो पैंथर बैठे हुए देखे गए, जिसके बाद वहां से गुजरने वाले राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। यह इलाका न सिर्फ शहर के बेहद करीब है बल्कि यहां दिनभर लोगों की आवाजाही भी बनी रहती है, ऐसे में खुले में पैंथर का दिखना गंभीर खतरे का संकेत माना जा रहा है। इलाके में लगातार दिख रहे हैं पैंथर
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में पैंथर देखे गए हों। पिछले कुछ समय से यहां लगातार वन्यजीवों की आवाजाही दर्ज की जा रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर श्यामपुरा इलाके में बने जॉगिंग ट्रैक पर सुबह टहलने आने वाले लोगों की संख्या भले ही कम नहीं हुई हो, लेकिन डर जरूर बढ़ गया है। लोग अब वन विभाग से इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। गर्मी बढ़ने से वन्यजीवों का बढ़ा खतरा
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी और जंगलों में पानी व भोजन की कमी के चलते जंगली जानवर अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं। इसी वजह से पैंथर जैसे खतरनाक जीव भी शहरों के करीब दिखाई देने लगे हैं। यह स्थिति मानव और वन्यजीव संघर्ष के जोखिम को और अधिक बढ़ा रही है।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने वन विभाग की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं और लोगों में डर का माहौल और गहराता जा रहा है।