भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार (25 मई) को जयपुर से ट्रेन के जरिए बीकानेर पहुंचे। यह यात्रा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बीकानेर दौरे के मद्देनजर की गई बताई जा रही है। पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों के तहत प्रदेश अध्यक्ष ने रेल मार्ग को चुना।
इस दौरान यात्रा के बीच मदन राठौड़ कुछ समय के लिए सीकर रेलवे स्टेशन पर रुके, जहां स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्टेशन पर थोड़ी देर रुकने के बाद उन्होंने आम जनता से बातचीत भी की और लोगों से अपील की कि जहां भी संभव हो, निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
जनता से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपीलमीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से ईंधन की बचत करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की अपील करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने खुद भी ट्रेन से यात्रा करने का निर्णय लिया है, ताकि एक संदेश दिया जा सके कि संसाधनों का समझदारी से उपयोग जरूरी है।
उन्होंने कहा, “जहां रेल सेवा उपलब्ध है, वहां लोगों को निजी वाहनों की बजाय ट्रेन यात्रा को प्राथमिकता देनी चाहिए।”
फ्यूल की कीमतों पर प्रतिक्रियापेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि ईंधन महंगा होने से आम जनता पर आर्थिक दबाव जरूर पड़ता है। हालांकि उन्होंने इसे वैश्विक समस्या बताया और कहा कि यह केवल भारत तक सीमित नहीं है।
मदन राठौड़ ने दावा किया कि कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी उछाल देखा गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका सहित कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम 40 से 56 प्रतिशत तक बढ़े हैं, जबकि भारत में यह वृद्धि अपेक्षाकृत कम रही है। उनके अनुसार भारत में सरकार ने स्थिति को संतुलित बनाए रखने की कोशिश की है।
कांग्रेस सरकार पर निशानाभाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ईंधन कीमतों के दबाव को नियंत्रित रखने का प्रयास किया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल पर वैट में बढ़ोतरी की गई थी, जिससे टैक्स का बोझ अधिक हो गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार का प्रयास है कि जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और व्यवस्था को स्थिर बनाए रखा जाए।
यात्रा के दौरान मौजूद नेताट्रेन यात्रा के दौरान मदन राठौड़ के साथ कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने यात्रा के दौरान संगठनात्मक चर्चा भी की।