अजमेर में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने रविवार को प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया 'मां की बात' उद्बोधन की खुले तौर पर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल से देश की करोड़ों जनता को सीधे लाभ मिलेगा। जीएसटी सुधारों के संदर्भ में जोशी ने बताया कि आज लगभग 99% वस्तुएं 0 से 5% टैक्स स्लैब में आ चुकी हैं, जिससे न सिर्फ आम आदमी बल्कि व्यापारी वर्ग को भी राहत मिली है।
मोदी ने देश के लिए नई इबारत लिखीराहुल गांधी के ट्वीट जिसमें उन्होंने मोदी को ‘सबसे कमजोर प्रधानमंत्री’ कहा था, के जवाब में सीपी जोशी ने कड़ा रुख अपनाया। जोशी ने कहा कि राहुल गांधी आरोप लगाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस के शासनकाल में ही चीन को हजारों हेक्टेयर भूमि दी गई, कश्मीर में धारा-370 लागू कर देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदा किया गया। जोशी ने आरोप लगाया कि पिछले 60 सालों तक कांग्रेस ने देश को धर्म, जाति और पंथ के आधार पर विभाजित किया और आर्थिक रूप से कमजोर बनाया। इसके विपरीत, मोदी सरकार ने मात्र 11 वर्षों में पूरे देश को परिवार मानकर विकास की नई इबारत लिखी, जबकि कांग्रेस केवल गांधी परिवार को देश मानकर शासन करती रही।
आम आदमी के लिए बड़ा टैक्स रिफॉर्मसीपी जोशी ने जीएसटी सुधारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खाने-पीने से लेकर घरेलू उत्पादों तक लगभग 90-99% चीजें अब सस्ती हो चुकी हैं। पहले जिन वस्तुओं पर 28% या 18% टैक्स लगता था, वे अब 12% या 5% तक सीमित हो गई हैं। सीमेंट, बीमा, जीवन रक्षक दवाइयों और कृषि उपकरणों पर राहत ने आम आदमी और किसान दोनों को फायदा पहुँचाया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक सौगात करार दिया, जो हर वर्ग के चेहरे पर खुशहाली लेकर आई है।
वाहन और निर्माण सामग्री पर भी मिली राहतजीएसटी सुधार के प्रभाव पर बोलते हुए जोशी ने कहा कि मोटरसाइकिल और कार पर 10% की छूट कोई मामूली बात नहीं है। उन्होंने सीमेंट की बोरी का उदाहरण देते हुए बताया कि यह 28% से घटकर 18% हो चुकी है। बीमा पॉलिसियों और जीवन रक्षक उपकरणों पर जीरो से 5% तक की दर लागू करना भी ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि किसान, गृहिणी, व्यापारी और मध्यम वर्ग – सभी को इससे सीधे लाभ मिल रहा है और यही असली 'विकास का मॉडल' है।