पंजाब के जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम अब आधिकारिक रूप से बदल दिया गया है। केंद्र सरकार के फैसले के तहत यह हवाई अड्डा अब श्री गुरु रविदास जी महाराज हवाई अड्डा के नाम से जाना जाएगा। इस ऐतिहासिक नामकरण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब को एक और बड़ी सौगात दी।
इसी अवसर पर प्रधानमंत्री ने लुधियाना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। वहीं हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन कार्यक्रम पूरा करने के बाद पीएम मोदी आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए। इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संत रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
संत रविदास की जयंती पर पीएम मोदी की श्रद्धांजलिप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि करुणा, समानता और न्याय पर आधारित उनके विचार आज भी सरकार की कल्याणकारी नीतियों की आधारशिला हैं। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“मानवता के अनन्य उपासक, महान संत श्री गुरु रविदास महाराज जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि संत रविदास के विचारों में सामाजिक न्याय और करुणा का भाव सर्वोपरि था, जो आज भी देश के समावेशी विकास की दिशा दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि संत रविदास द्वारा प्रज्वलित सामाजिक समरसता और सद्भाव का दीप आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता रहेगा।
संत निरंजन दास से भी करेंगे संवादअपने पंजाब दौरे के दौरान पीएम मोदी रविदासिया समुदाय के प्रमुख तीर्थ स्थल डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। यहां उन्होंने डेरा के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात और संवाद किया। उल्लेखनीय है कि संत निरंजन दास को हाल ही में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री ने इस सम्मान के लिए उन्हें और उनके अनुयायियों को बधाई भी दी।
डेरा सचखंड बल्लां को रविदासिया समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र स्थल माना जाता है और पीएम मोदी की यह यात्रा धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
जालंधर में पीएम मोदी का संबोधनजालंधर में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मेरा सौभाग्य है कि मुझे डेरा सचखंड में दर्शन का अवसर मिला। मैं पंजाब की इस पवित्र धरती को नमन करता हूं। इस मंच से मैं सभी को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उनका रिश्ता संत रविदास जी की कर्मभूमि काशी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने काशी के घाटों का उल्लेख करते हुए संत रविदास की प्रसिद्ध उक्ति ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब की वीर भूमि पर आना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां को नमन करते हुए कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार ने संत निरंजन दास जी को पद्म श्री से सम्मानित किया है, जो पूरे समुदाय के लिए गर्व का विषय है। पीएम मोदी ने यह भी साझा किया कि उनके जन्मदिन के अवसर पर इसी डेरा में अरदास हुई थी, जिसे वे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण मानते हैं।
प्रधानमंत्री ने अंत में आदमपुर एयरपोर्ट के नामकरण का उल्लेख करते हुए कहा, “थोड़ी देर पहले ही आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण हुआ है। अब इस हवाई अड्डे को संत श्री गुरु रविदास महाराज जी के नाम से जाना जाएगा।”