पुणे जिले के पुरंदर तालुका में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक मशरूम उत्पादन इकाई के ड्रेनेज टैंक में जहरीली गैस के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना बेलसर गांव स्थित एक कंपनी में हुई, जहां सफाई के दौरान एक-एक कर तीन लोग टैंक में उतरे और फिर बाहर नहीं निकल सके। पूरे इलाके में इस हादसे के बाद हड़कंप मच गया।
सफाई के दौरान शुरू हुआ हादसाजानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब 4:30 बजे जेजुरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक मशरूम प्रोसेसिंग यूनिट में हुई। सबसे पहले एक मजदूर यूनिट के ड्रेनेज सिस्टम की सफाई के लिए टैंक के अंदर उतरा था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तो चिंता बढ़ गई।
उसे देखने और मदद करने के लिए दूसरा मजदूर भी टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी वापस नहीं लौटा। इसके बाद तीसरा मजदूर भी दोनों को बचाने के इरादे से अंदर गया, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी टैंक से बाहर नहीं निकल सका।
बचाव में जुटे लोग, लेकिन नहीं बच सकी जानघटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। अर्थमूवर की मदद से टैंक का स्लैब तोड़कर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जहरीली गैस से दम घुटने की आशंकाप्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जमा जहरीली गैसों के कारण तीनों मजदूरों का दम घुट गया। अंदर ऑक्सीजन की कमी और विषैली गैसों के प्रभाव से वे बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। तीनों मजदूर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे और यहां काम के लिए आए हुए थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारीघटना के बाद जेजुरी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सके।