मुंबई में रेस्टोरेंट और खानपान से जुड़े प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने दक्षिण मुंबई के नौ रेस्टोरेंट के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। इनमें कैफे आइडियल, चेतना रेस्टोरेंट, बेयरूट, मियां कबाब्स और नेचुरल्स आइसक्रीम जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। 17 नवंबर को किए गए निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, FDA ने दक्षिण मुंबई में कुल 55 निरीक्षण किए थे। यह कार्रवाई विभाग को मिले 45 शिकायतों के बाद की गई। नौ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने के अलावा 29 अन्य रेस्टोरेंट को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निलंबन की अवधि में संबंधित प्रतिष्ठान खाद्य पदार्थ खरीदने, बेचने या वितरित करने का काम नहीं कर सकेंगे।
जांच में क्या खामियां मिलीं?
निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर खाने की तैयारी और भंडारण के लिए इस्तेमाल होने वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई की कमी मिली। कुछ प्रतिष्ठानों में कच्चे और पके हुए भोजन को सही तरीके से अलग-अलग नहीं रखा गया था। कीड़े-मकोड़ों की मौजूदगी, कचरे के अनुचित निपटान और रसोई में खराब व्यवस्था जैसी समस्याएं भी सामने आईं।
कैफे आइडियल में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले हिस्से के पास गीले कचरे की खुली बोरियां मिलीं। चेतना रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थ ऐसे कंटेनरों में रखे पाए गए, जो भोजन के भंडारण के लिए उपयुक्त नहीं थे। कुछ रेफ्रिजरेटर की स्थिति भी ठीक नहीं थी और थाली में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों पर तारीख और समय के लेबल नहीं मिले।
मियां कबाब्स में अधिकारियों ने मेन्यू कार्ड पर जीवित कॉकरोच देखा। इसके अलावा कच्चे मैरिनेट किए हुए कबाब पके हुए कबाब के ऊपर रखे मिले। बेयरूट में चूहों की गतिविधि के संकेत और मक्खियों की मौजूदगी सामने आई। नेचुरल्स आइसक्रीम के चर्चगेट आउटलेट में आइसक्रीम को बिना ढके और अस्वच्छ फ्रीजर में रखा गया था। कुछ उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख के लेबल भी नहीं थे।
किन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई?
निलंबित किए गए नौ प्रतिष्ठानों में चेतना, कैफे आइडियल, बेयरूट, मियां कबाब्स और नेचुरल्स आइसक्रीम के अलावा श्रीयोग रेस्टोरेंट, गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर, प्रकाश डोसा और सौरभ होटल्स शामिल हैं।
यह कार्रवाई केवल मुंबई तक सीमित नहीं रही। ठाणे में भी तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। पुणे के माणिकबाग खाऊ गली में छह विक्रेताओं को कारोबार रोकने के निर्देश दिए गए। महाराष्ट्र में अलग-अलग जगहों पर खाद्य पदार्थों का स्टॉक भी जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.27 करोड़ रुपये बताई गई है।
रेस्टोरेंट में खाना खाने वालों के लिए यह कार्रवाई एक जरूरी सवाल उठाती है कि लोकप्रियता और अच्छे स्वाद के साथ भोजन की स्वच्छता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। रसोई में सफाई, सही तापमान पर भंडारण और कच्चे-पके भोजन को अलग रखना खाद्य सुरक्षा की बुनियादी शर्तें हैं।