मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा, 2 लोगों की मौत और 5 घायल

मुंबई के दक्षिणी हिस्से में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भुलेश्वर इलाके में ‘भुलेश्वरचा राजा’ की करीब 22 फुट ऊंची प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। यह घटना रात करीब 10 बजे जय अंबे चौक के पास कबूतरखाना इलाके में बलराम मर्चेंट रोड पर हुई।

जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रतिमा अचानक गिर गई और वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रतिमा के बोल्ट में खराबी के कारण यह हादसा हुआ।

दो लोगों की मौत, पांच घायल

हादसे के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, दो लोग गंभीर रूप से घायल थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के तौर पर हुई है।

घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), पांच वर्षीय लावण्या गणेर, सात वर्षीय दिव्या गणेर और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सिविक अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।

कई एजेंसियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और सिविक वार्ड स्टाफ को मौके पर भेजा गया। बीएमसी के अनुसार, शुरुआती तौर पर एक व्यक्ति को जीटी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दो घायलों का इलाज किया जा रहा था। बाद में अधिकारियों ने दो मौतों और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की।
गणेशोत्सव के दौरान निकाला जा रहा था आगमन जुलूस

मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है। 10 दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भगवान गणपति की प्रतिमाएं घरों और पंडालों में स्थापित की जाती हैं। मुंबई में गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के दौरान बड़े जुलूस भी निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान ही यह हादसा हुआ।