पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे भी सामने आ रहे हैं। इसी बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में दोनों स्थानीय 'मार्केट यार्ड क्रिकेट लीग (MCL)' का मैच एक साथ बैठकर देखते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद जांच एजेंसियां दोनों के रिश्ते और उनकी गतिविधियों को लेकर उपलब्ध सभी डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिया और चेतन एक ही रंग की टी-शर्ट पहने हुए दर्शक दीर्घा में साथ बैठे हैं। मैच के दौरान जैसे ही कैमरे का फोकस उनकी ओर जाता है, सिया तुरंत चेतन से थोड़ी दूरी बनाकर अलग बैठ जाती है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जांच एजेंसियां भी इसकी सत्यता और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
सिया का मोबाइल जब्त, एफएसएल रिपोर्ट का इंतजारदूसरी ओर, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस ने आरोपी सिया गोयल के परिवार से पूछताछ की। इस दौरान उसके माता-पिता और भाई साहिल गोयल को लोणावला ग्रामीण पुलिस थाने बुलाया गया, जहां उनसे मामले से जुड़े कई अहम सवाल पूछे गए।
पुणे ग्रामीण के डीएसपी गजानन टोम्पे ने बताया कि सिया के माता-पिता को बयान दर्ज करने और पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इसके साथ ही उसके भाई से भी विस्तार से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी, उसे केस डायरी में दर्ज किया जाएगा। पुलिस परिवार के सदस्यों के अलावा सिया और चेतन के कुछ करीबी दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
परिवार और दोस्तों से भी जुटाई जा रही जानकारीडीएसपी गजानन टोम्पे के मुताबिक, जांच में शामिल सभी लोग पुलिस का सहयोग कर रहे हैं और उपलब्ध जानकारी साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े हर व्यक्ति से तय कानूनी प्रक्रिया के तहत पूछताछ की जाएगी और सभी बयानों को रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जांच के दौरान आरोपी सिया गोयल का मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सबूत के तौर पर जब्त किए गए हैं। इन्हें फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेज दिया गया है। अब जांच एजेंसियों को एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मोबाइल डेटा, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
भाई साहिल से भी घंटों चली पूछताछइससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी। लोणावला ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों ने पुष्टि की कि साहिल को जांच के सिलसिले में बुलाया गया था। सुबह से शुरू हुई पूछताछ देर शाम तक चली, जिसके बाद उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान साहिल से सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के संबंध, दोनों के बीच संपर्क और हत्या से पहले की गतिविधियों को लेकर कई सवाल पूछे गए। जांच के दौरान साहिल ने पुलिस से कहा, अगर सिया ने हमें यह बताया होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम यह शादी कभी नहीं होने देते और रिश्ता वहीं रोक देते।
हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या की साजिश होने का आरोपगौरतलब है कि इस मामले में सिया गोयल पर अपने मंगेतर और रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। शुरुआती दौर में केतन की मौत को ट्रैकिंग के दौरान हुआ एक हादसा माना गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनके आधार पर इस घटना को सुनियोजित हत्या की साजिश बताया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। डिजिटल साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट, आरोपियों के बयानों और परिवार व दोस्तों से मिली जानकारी का मिलान किया जा रहा है, ताकि इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।