IndiGo की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, लैंडिंग गियर में आई खराबी

पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी परेशानी के कारण वापस पुणे एयरपोर्ट लौटना पड़ा। विमान का लैंडिंग गियर टेकऑफ के बाद अंदर नहीं जा सका था। विमान में यात्रियों और क्रू सहित कुल 192 लोग सवार थे। एयरपोर्ट पर पूरी आपात स्थिति घोषित की गई, लेकिन विमान सुबह 9:04 बजे सुरक्षित उतर गया। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह घटना रविवार सुबह की है। फ्लाइट 6E 0623 ने पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बताया कि विमान का लैंडिंग गियर वापस अपनी जगह नहीं जा रहा और बाहर ही रह गया है। इसके बाद विमान को पुणे लौटाने का फैसला किया गया।

रनवे के ऊपर से किया गया लो पास

तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने के बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने ATC, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया। भारतीय वायुसेना ने एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। एहतियात के तौर पर दमकल वाहन, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन टीमें तैयार रखी गईं।

लैंडिंग से पहले विमान ने रनवे के ऊपर से एक लो पास किया। इसका उद्देश्य जमीन पर मौजूद टीमों को विमान के लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण करने का अवसर देना था। इसके बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

विमान के उतरने के बाद उसे तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की मदद से बे नंबर 7 तक ले जाया गया। अधिकारियों ने विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली।

सभी 192 लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए

विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। सुरक्षित स्थिति की पुष्टि के बाद विमान से एयरोब्रिज जोड़ा गया और यात्रियों को उतारा गया।

पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष ढोके के मुताबिक, आपातकालीन प्रतिक्रिया भारतीय वायुसेना, ATC, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार की गई।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था

इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था करने की बात कही। एयरलाइन के अनुसार, तकनीकी खराबी का पता चलते ही संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। विमान की जांच और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही उसे दोबारा परिचालन में लाया जाएगा।

एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान, रिफंड और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के विकल्पों पर काम किया जा रहा है।