हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम होगा, AIIMS टीम करेगी प्रक्रिया

जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मॉडल ट्विशा शर्मा के मामले में अहम आदेश जारी करते हुए उनके शव के दोबारा पोस्टमॉर्टम (Postmortem) की अनुमति दे दी है। यह फैसला उस याचिका पर सुनवाई के बाद आया, जो मृतका के परिजनों ने दायर की थी। परिजनों ने मामले में दोबारा मेडिकल जांच की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की थी। कोर्ट ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि आवश्यक औपचारिकताओं के साथ पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

सुनवाई के दौरान मृतका के पति समर्थ सिंह की ओर से उपस्थित वकील ने कहा कि उन्हें दूसरे पोस्टमॉर्टम पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने यह आग्रह किया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पति पक्ष के परिवार को सौंप दिया जाए। इस पर अदालत में विभिन्न पक्षों के बीच चर्चा हुई।

सॉलिसिटर जनरल (SG) ने कोर्ट में स्पष्ट किया कि दोबारा पोस्टमॉर्टम का उद्देश्य किसी पर संदेह जताना नहीं है, बल्कि इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी पक्षों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट या संबंधित डॉक्टर की योग्यता पर कोई सवाल नहीं उठाया जा रहा है।
जमानत और सरेंडर को लेकर भी हुई बहस

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने दलील दी कि समर्थ सिंह अपनी जमानत याचिका वापस लेकर ट्रायल कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण (सरेंडर) करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि ट्रायल कोर्ट को उसी दिन उनकी जमानत याचिका पर फैसला करने का निर्देश दिया जाए।

हालांकि, सॉलिसिटर जनरल ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि जांच के मौजूदा चरण में आरोपी के अधिकारों को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी सरेंडर करना चाहता है तो यह उसका निर्णय है, लेकिन पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया जैसे विषय पर अदालत में हस्तक्षेप का अधिकार सीमित है।

AIIMS भोपाल की टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम


कोर्ट के निर्देश के अनुसार ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम द्वारा भोपाल में किया जाएगा। यह प्रक्रिया भोपाल AIIMS परिसर में पूरी की जाएगी और पूरी मेडिकल जांच की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

इसी बीच राज्य सरकार ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार से CBI जांच की सिफारिश की है। इसके लिए शुक्रवार को आधिकारिक प्रस्ताव पत्र भी भेजा गया है, ताकि मामले की जांच उच्च स्तरीय एजेंसी को सौंपी जा सके।

शादी के कुछ महीनों बाद हुई थी संदिग्ध मौत

गौरतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात उनके पति समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर बताए जाते हैं। दोनों ने दिसंबर 2025 में धूमधाम से विवाह किया था, लेकिन शादी के मात्र पांच महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि इस घटना के पीछे पति और सास की भूमिका हो सकती है और उन्होंने इसे हत्या बताया है। इसी कारण परिवार लगातार दोबारा पोस्टमॉर्टम और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। परिजन अभी तक शव को लेने से भी इनकार कर रहे हैं, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील बना हुआ है।