मध्य प्रदेश के हाईप्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने आज कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। विशेष सीबीआई अदालत ने सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने दोनों आरोपियों की किसी तरह की पुलिस रिमांड की मांग नहीं की। इससे पहले 5 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में दोबारा पेश किया गया था।
दोनों आरोपी कहां रहेंगे?जानकारी के अनुसार, समर्थ सिंह और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस अवधि के दौरान दोनों को भोपाल केंद्रीय जेल में रखा जाएगा। सुरक्षा कारणों को देखते हुए मां-बेटे दोनों को अन्य कैदियों से अलग बैरक में शिफ्ट किए जाने की व्यवस्था की गई है।
CBI ने ससुराल में किया क्राइम सीन रीक्रिएशनइससे पहले सोमवार को सीबीआई टीम ने मामले की गहराई से जांच के लिए भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ट्विशा के ससुराल का दौरा किया। जांच के दौरान टीम अपने साथ एक डमी (पुतला) भी लेकर पहुंची थी, ताकि घटनास्थल का पूरा रीक्रिएशन किया जा सके।
सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को मौके पर ले जाकर उस पूरे घटनाक्रम को दोहराया, जो ट्विशा की मौत के समय बताया जा रहा है। टीम ने यह समझने की कोशिश की कि घटना किस तरह हुई, किस स्थान पर क्या स्थिति थी और बाद में शव को कैसे नीचे उतारा गया।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया कि उसने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि गिरिबाला सिंह ने फंदे की गांठ खोलने की बात स्वीकार की है। सीबीआई अब इन बयानों और क्राइम सीन रीक्रिएशन के आधार पर आगे की जांच को दिशा दे रही है।