ट्विशा शर्मा केस में बड़ा फैसला, गिरिबाला सिंह और समर्थ 5 दिन की CBI रिमांड पर

भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जांच अब और तेज हो गई है। भोपाल जिला अदालत ने मामले में गिरफ्तार ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां, पूर्व जज गिरिबाला सिंह को 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद अब सीबीआई दोनों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी, ताकि मामले की कड़ियों को जोड़कर मौत की असली वजह तक पहुंचा जा सके।

सीबीआई ने कोर्ट में पेशी के दौरान कहा कि जांच एजेंसी को मां और बेटे से संयुक्त पूछताछ करनी है, क्योंकि कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनकी पुष्टि दोनों को आमने-सामने बैठाकर ही की जा सकती है। एजेंसी ने गिरिबाला सिंह की 5 दिन की रिमांड मांगी, वहीं समर्थ सिंह की मौजूदा हिरासत अवधि बढ़ाने की भी मांग की गई। इस पर बचाव पक्ष की ओर से कहा गया कि उन्हें सीबीआई की मांग पर कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद अदालत ने दोनों को 2 जून तक सीबीआई की हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 15 मई को गिरिबाला सिंह को मिली अंतरिम जमानत को रद्द कर दिया था। इसके बाद सीबीआई ने गुरुवार को उनसे करीब सात घंटे तक लंबी पूछताछ की और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने मामले से जुड़े सबूतों के साथ छेड़छाड़ की और जांच को प्रभावित करने की कोशिश की। वहीं समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की कस्टडी में मौजूद था।

सीबीआई ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में 25 मई की रात औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद जांच एजेंसी लगातार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई अब इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सीबीआई को जांच अपने हाथ में लेने और मामले की तेजी से जांच करने का निर्देश दिया। सर्वोच्च अदालत ने सुनवाई के दौरान यह भी कहा था कि जांच पूरी होने तक आरोपी और पीड़ित दोनों पक्ष सार्वजनिक मंचों और मीडिया में बयानबाजी से बचें, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद 12 मई की रात ट्विशा अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकी हुई मिली थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिवार ने इसे हत्या करार देते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।

ट्विशा के मायके वालों ने दावा किया था कि उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई है। वहीं दूसरी ओर, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने शुरुआत से ही इसे आत्महत्या बताया और ट्विशा पर नशे से जुड़े आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

अब सीबीआई की संयुक्त पूछताछ से उम्मीद जताई जा रही है कि मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश छिपी हुई थी। आने वाले दिनों में सीबीआई की जांच और अदालत में पेश होने वाले नए तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।