मध्य प्रदेश के खजुराहो से एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बंदर को भगाने की एक सामान्य कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। लोहे की छड़ का इस्तेमाल करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा खजुराहो रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘द खजुराहो हेरिटेज रिसॉर्ट’ में हुआ। मृतक की पहचान प्रदीप रायकवार उर्फ रिंकू के रूप में हुई है, जो इसी रिसॉर्ट में कर्मचारी के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि उसने महज पांच दिन पहले ही यहां नौकरी जॉइन की थी। अचानक हुए इस हादसे से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
CCTV फुटेज में जो दृश्य सामने आए हैं, वे काफी चौंकाने वाले हैं। वीडियो में दिख रहा है कि प्रदीप रिसॉर्ट के गार्डन में घुसे एक बंदर को भगाने के लिए लंबी लोहे की पाइप लेकर आता है। वह उस पाइप को जमीन पर पटक-पटककर आवाज करता है, ताकि बंदर डरकर वहां से भाग जाए। कुछ ही देर में बंदर वहां से निकल भी जाता है, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सबको स्तब्ध कर दिया।
बंदर के जाने के बाद प्रदीप उसी लोहे की रॉड को सीधा ऊपर उठाकर वापस लौटने लगता है। इसी दौरान वह छड़ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा जाती है। टकराते ही तेज धमाका होता है और युवक के शरीर में आग लग जाती है। बिजली के करंट और आग की वजह से वह वहीं गिर पड़ता है और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है।
घटना के तुरंत बाद धमाके की आवाज सुनकर रिसॉर्ट की दो महिला कर्मचारी बाहर दौड़कर आती हैं। उनमें से एक महिला प्रदीप के पास पहुंचती है, लेकिन उसकी हालत देखकर घबरा जाती है और चीख उठती है। वह उसे ‘भैया-भैया’ कहकर आवाज देती है, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर घबराकर बाकी लोगों को बुलाने के लिए अंदर भाग जाती है।
सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिसॉर्ट के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन सुरक्षा मानकों के अनुसार थी या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी।