मध्य प्रदेश के गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में इन दिनों केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अनोखा और सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अपने शाही व्यक्तित्व और अनुशासित जीवनशैली के लिए पहचाने जाने वाले सिंधिया जब ग्रामीण इलाकों में पहुंचे, तो उन्होंने अपनी फिटनेस और दमकती त्वचा का ऐसा ‘देशी राज’ साझा किया कि सभा में मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
जेब से निकाली प्याज, बताया सेहत का असली साथीगुना-शिवपुरी में विकास कार्यों की सौगात देने पहुंचे सिंधिया ने जनसभा को संबोधित करते हुए अचानक अपनी जेब से एक साधारण प्याज निकालकर लोगों को दिखाया। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि आज के समय में लोग महंगी दवाओं और लाइफस्टाइल के पीछे भागते हैं, लेकिन उनकी सेहत का असली साथी यही प्याज है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए यह प्याज हमेशा मेरी जेब में रहती है, यही मेरी असली सुरक्षा कवच है।”
“चंबल की मिट्टी की मजबूती है”अपने स्वास्थ्य और ऊर्जा को लेकर बात करते हुए सिंधिया ने आत्मविश्वास से कहा कि उनकी आत्मा भले ही अनुभव से परिपक्व हो चुकी हो, लेकिन उनका शरीर अब भी पूरी तरह सक्रिय और युवा है। उन्होंने अपने क्षेत्र की मिट्टी पर गर्व जताते हुए कहा कि उनकी मजबूती चंबल की मिट्टी से आई है, जिसे झुकाना या कमजोर करना आसान नहीं है।
बिना एसी की यात्रा और सादगी का संदेश
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सिंधिया ने अपनी जीवनशैली से जुड़ा एक और दिलचस्प पहलू साझा किया। उन्होंने बताया कि वे भीषण गर्मी में भी कार का एयर कंडीशनर (AC) इस्तेमाल नहीं करते। उनके अनुसार, प्राकृतिक वातावरण में रहने से शरीर अधिक मजबूत और ऊर्जावान रहता है।
उनका यह सहज और विनम्र अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इंटरनेट पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग उनकी सादगी, आत्मीयता और चंबल क्षेत्र से जुड़ाव की खूब सराहना कर रहे हैं।