महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जा रहा हाथरस का एक परिवार मंगलवार सुबह मध्य प्रदेश के आगर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में हाथरस की 23 वर्षीय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ट्रक से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कारजानकारी के अनुसार, कार में छवि वार्ष्णेय के साथ उनके पिता श्यामलाल, मां सारिका, समधी सूरजपाल और चालक सचिन मौजूद थे। रामाखेड़ी के पास कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में छवि और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में श्यामलाल, सूरजपाल और चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को उपचार के लिए पहले बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगर जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनलछवि वार्ष्णेय हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौखास गांव की रहने वाली थीं। उनके चचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय के अनुसार, वह पढ़ाई में भी अच्छी थीं और ग्रेजुएशन तक की शिक्षा हासिल की थी। छवि सोशल मीडिया के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं।
उन्होंने 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। शुरुआती दौर में वह रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े व्लॉग और दूसरे वीडियो पोस्ट करती थीं। समय के साथ उनके वीडियो को दर्शकों का समर्थन मिला और चैनल की लोकप्रियता बढ़ती गई। बाद में उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित कंटेंट भी बनाना शुरू किया।
यूट्यूब पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबरछवि के यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे, जबकि इंस्टाग्राम पर उन्हें एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते थे। सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता के चलते वह अपने क्षेत्र में जानी-पहचानी डिजिटल क्रिएटर बन गई थीं।
परिवार भी उनके इस सफर में उनके साथ था। उनके पिता श्यामलाल गांव में किराने की दुकान चलाते हैं। परिवार में छवि की मां और पिता के अलावा उनका बड़ा भाई कान्हा (26) है। उज्जैन की यात्रा के दौरान हुए हादसे ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।