कर्नाटक के बेंगलुरु में सड़क के गड्ढे से बचने की कोशिश के दौरान हुए हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह दुर्घटना आनेकल तालुक के हेब्बगोडी के पास अनंतनगर मेन रोड पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई। मृतका की पहचान केरल के कोझिकोड जिले के बालुस्सेरी निवासी मेधा के तौर पर हुई है। वह इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थित कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) कार्यालय में कार्यरत थीं।
मेधा मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त और सहकर्मी अजय गुरु के साथ यात्रा कर रही थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने सड़क की खराब स्थिति को लेकर विरोध जताया।
अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा बाइक का संतुलनजानकारी के मुताबिक, मेधा जिस मोटरसाइकिल पर सवार थीं, वह एक कार के पीछे चल रही थी। सड़क पर मौजूद गड्ढे से बचने की कोशिश में आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके चलते पीछे आ रही मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी मेधा सड़क पर गिर गईं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक मालवाहक वाहन की चपेट में मेधा आ गईं। वाहन उनके गर्दन के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिवार में पति और तीन साल का बेटामेधा मूल रूप से केरल के कोझिकोड के बालुस्सेरी की रहने वाली थीं। बेंगलुरु में वह EPFO में नौकरी कर रही थीं। उनके परिवार में पति एस. एल. आकर्ष और तीन साल का बेटा दक्ष है।
हादसे के बाद मेधा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव को उनके गृह नगर केरल भेज दिया गया।
सड़क की खराब हालत पर लोगों ने जताया गुस्साघटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाया और हादसे के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। लोगों ने मौके पर मोमबत्तियां जलाकर मेधा को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति खराब है और कई जगह गड्ढे मौजूद हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति सुधारने और गड्ढों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांचहेब्बगोडी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, सड़क की स्थिति खराब थी, लेकिन प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का तत्काल कारण आगे चल रही कार का अचानक ब्रेक लगाना सामने आया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मालवाहक वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं किया था। अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े वाहन और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा सके।
इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक सिटी ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।