बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक डिलीवरी एजेंट पर आरोप है कि उसने पार्सल देने के बहाने एक महिला के घर में जबरन प्रवेश किया, वॉशरूम का इस्तेमाल किया और बाहर आने के बाद कथित तौर पर अशोभनीय हरकत करते हुए खुद को महिला के सामने एक्सपोज कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए न्याय की मांग की है।
पार्सल देने आया था एजेंट, वॉशरूम इस्तेमाल करने की मांग कीमहिला द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, फ्लिपकार्ट/मिंत्रा से जुड़ा एक डिलीवरी एजेंट उसके घर पार्सल पहुंचाने आया था। पार्सल सौंपने के दौरान उसने वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला का कहना है कि उसने कई बार साफ तौर पर मना किया और उसे आसपास किसी अन्य स्थान या पड़ोसी के घर जाने की सलाह भी दी। इसके बावजूद डिलीवरी एजेंट ने उसकी इच्छा के खिलाफ घर के अंदर प्रवेश कर लिया और सीधे वॉशरूम में चला गया।
वॉशरूम से बाहर आने के बाद की कथित हरकत से महिला सदमे मेंपीड़िता का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर निकलने के बाद डिलीवरी एजेंट ने उसके सामने खुद को एक्सपोज किया, जिससे वह बुरी तरह घबरा गई। महिला ने बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है और अपने ही घर में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उसने यह भी दावा किया कि पूरी घटना का एक हिस्सा उसके मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में महिला ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों से न्याय दिलाने की अपील की।
पुलिस ने तुरंत लिया संज्ञान, मांगे अतिरिक्त सबूतमामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर घटना से जुड़े सभी उपलब्ध सबूत, वीडियो और अन्य जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है। अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
शिकायत दर्ज होते ही आरोपी की गिरफ्तारीमहिला की शिकायत मिलने के बाद मारतहल्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत केस नंबर 345/2026 दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामथ के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।