कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड के देवीपुर गांव के 27 वर्षीय सीआरपीएफ जवान सुजीत सिंह ने बुधवार रात लगभग 11 बजे जम्मू-कश्मीर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना गुरुवार सुबह परिवार और गांव वालों को मिली, जिसके बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजन अभी भी सदमे में हैं और गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
जवान का परिवार और पृष्ठभूमि
सुजीत सिंह देवीपुर पंचायत के बाभन टोला के निवासी थे। उनके पिता सिकंदर प्रसाद सिंह किसान और समाजसेवी हैं, जबकि मां इलमा देवी गृहिणी हैं। सुजीत 2023 में सीआरपीएफ में शामिल हुए थे और अभी उनकी सेवा का दो साल का समय ही पूरा हुआ था। उनके बड़े भाई भी सीआरपीएफ में ही तैनात हैं, जिनकी बहाली वर्ष 2021 में हुई थी।
सुजीत की शादी नौ माह पहले गिरिडीह जिले के मिर्जागंज प्रखंड के बदडीहा गांव में हुई थी। पत्नी को इस हादसे की खबर मिलते ही वह गहरे सदमे में हैं। परिवार के सभी सदस्य स्तब्ध और शोकाकुल हैं। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां
सूत्रों के अनुसार, सुजीत का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम तक मरकच्चो पहुंचेगा। प्रशासन और परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
परिवार का कहना है कि सुजीत सिंह छठ की छुट्टी में घर आए थे और इसके बाद ड्यूटी पर श्रीनगर लौटे थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया। इस संबंध में और जानकारी जुटाई जा रही है।