मोबाइल पर युवक से बातचीत को लेकर हुआ विवाद, महिला ने तीन बच्चों की हत्या के बाद खुद भी पीया जहर

गुजरात के वलसाड जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना उमरगांव तहसील के सरीगांव पुलिस थाना क्षेत्र स्थित पाली करमबेली गांव की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है, जबकि तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

मृत बच्चों में नौ महीने के जुड़वा बच्चे और करीब दो साल की एक बच्ची शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था। इसी विवाद के बाद यह खौफनाक घटना हुई।

indiatv की खबर के अनुसार, महिला निशा बेन का अपने पति के साथ सोमवार को गंभीर झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि पति ने उसे मोबाइल फोन पर किसी युवक से बातचीत करते हुए देखा था। इसके बाद पति ने फोन की जांच की, जिससे दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। मामला इतना बढ़ा कि घर में तीखी बहस के साथ हाथापाई तक की नौबत आ गई।
जांच में यह भी पता चला है कि महिला का कथित तौर पर महाराष्ट्र के एक युवक से संपर्क था। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच नियमित बातचीत और मैसेज का आदान-प्रदान होता था। पति द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था।

परिवार के सदस्यों के मुताबिक शनिवार शाम को भी पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी तनाव और गुस्से में महिला ने बच्चों को दुपट्टे और तकिए की मदद से दम घोंटकर मार डाला। घटना के बाद उसने खुद भी फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की।

जब परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी मिली तो घर में अफरा-तफरी मच गई। महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घर से कई अहम सबूत जुटाए गए हैं और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के पिता संजय जहाजों पर काम करते हैं और हाल ही में घर लौटे थे। फिलहाल परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और गांव के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।