कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्र साहिल लोचव के मामले में दिल्ली पुलिस पर FIR दर्ज करने का दबाव बनाया है। राहुल गांधी घायल छात्र को अपने साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं होने के बाद वह DCP कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और FIR दर्ज किए जाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद राहुल गांधी और साहिल लोचव धरने पर बैठ गए। उनके साथ वकील और कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद रहे।
शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे साहिलजानकारी के मुताबिक, हरियाणा के रहने वाले साहिल लोचव 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। आरोप है कि उनकी शिकायत पर उस समय कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद साहिल ने राहुल गांधी से संपर्क किया। राहुल गांधी उन्हें साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे और पुलिस के सामने FIR दर्ज करने की मांग रखी।
राहुल गांधी का कहना है कि जब तक मामला दर्ज नहीं किया जाता, वह वहां से नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह कुछ देर बाद मीडिया से बातचीत करेंगे।
DCP और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से हुई बातचीतमामले को लेकर राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। जानकारी के अनुसार, उन्होंने जॉइंट सीपी नूपुर सिंह से भी मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों के सामने FIR दर्ज करने की मांग रखी। इसके बाद वह DCP से मिलने पहुंचे।
साहिल लोचव भी राहुल गांधी के साथ धरने पर बैठे हैं। उनके परिवार के सदस्य भी वहां मौजूद हैं। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई नेता और वकील भी बताए जा रहे हैं।
पहले भी साहिल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं राहुलराहुल गांधी इससे पहले भी साहिल लोचव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने छात्र को लगी चोटों का जिक्र करते हुए दावा किया था कि वह पेलेट गन से घायल हुआ है। इसी मामले को लेकर कांग्रेस संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और पेलेट गन के इस्तेमाल का मुद्दा लगातार उठा रही है।
विपक्ष ने मॉनसून सत्र के दौरान भी इस मामले पर चर्चा की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया था।
सुप्रीम कोर्ट ने बनाई जांच समितिछात्रों पर पुलिस कार्रवाई के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति (HPEC) का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी करेंगे। समिति को 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादती के आरोपों की जांच करनी है।
इन छात्र प्रदर्शनों में NEET और अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मुद्दे उठाए गए थे। प्रदर्शनकारी तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
समिति में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, दिल्ली हाई कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश शालिंदर कौर, CBI के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के पूर्व पुलिस महानिदेशक एल.आर. बिश्नोई भी शामिल हैं।
फिलहाल राहुल गांधी की मांग FIR दर्ज कराने को लेकर है और वह साहिल लोचव के साथ DCP कार्यालय में धरने पर बैठे हैं।