AAP के विवाद के बीच राघव चड्ढा ने दिया बड़ा इशारा, क्या उठाएंगे धमाकेदार कदम?

दिल्ली और पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ गई है, क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और पार्टी के बीच चल रही अनबन अब नए राजनीतिक मोड़ की ओर इशारा कर रही है। उनके समर्थक और जनता बेसब्री से उनके अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर दिए संकेत

राघव चड्ढा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील साझा की, जिसमें उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से नई राजनीतिक दिशा की संभावना जताई। इस रील को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “Interesting Thought” यानी ‘दिलचस्प विचार है’, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे अपनी नई पार्टी की नींव रख सकते हैं।
Gen-Z पार्टी का सुझाव

रिहान नाम के कंटेंट क्रिएटर (@seedhathok) ने राघव चड्ढा को सलाह दी कि अब समय आ गया है कि वे अपनी पार्टी शुरू करें। सुझाव दिया गया कि इसे “Gen-Z पार्टी” नाम दिया जा सकता है, या कोई ऐसा नाम जो उन्हें पसंद हो। रील में कहा गया कि अगर वे किसी अन्य पार्टी में शामिल होते हैं तो उन्हें वर्तमान समर्थन नहीं मिलेगा और विरोध का सामना भी करना पड़ सकता है। अपनी पार्टी बनाने से युवा वर्ग का समर्थन मिलेगा और चुनाव में एकतरफा जीत संभव होगी।

बता दे, AAP ने हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी उपनेता पद से हटा दिया और उनकी जगह अशोक कुमार मित्तल को जिम्मेदारी दी। पार्टी ने उन्हें सदन में बोलने का समय भी नहीं दिया। आरोप लगाया गया कि राघव चड्ढा का झुकाव बीजेपी की तरफ है और वे सत्तारूढ़ दल के खिलाफ गंभीर मुद्दे नहीं उठाते, केवल महंगे समोसे जैसे मामूली विषयों पर ही ध्यान केंद्रित करते हैं।