लंदन से नई दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद पायलटों ने तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया। 22 सितंबर को हुई इस घटना में विमान की हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। इंडिगो के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या सामने आने के बाद विमान को वापस हीथ्रो लाने का निर्णय लिया गया। विमान की फिलहाल मेंटेनेंस टीम जांच कर रही है। जरूरी जांच और मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।
यात्रियों के लिए होटल और अगली फ्लाइट की व्यवस्थाइंडिगो ने कहा कि यात्रियों को हुई परेशानी को कम करने के लिए एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और उन्हें अगली उपलब्ध फ्लाइट में सीट देने की व्यवस्था की जा रही है।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि कंपनी ने स्थिति को संभालने और यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया है। विमान की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद आवश्यक मंजूरी मिलने पर उसकी आगे की उड़ान के बारे में फैसला किया जाएगा।
हाल में अलायंस एयर के विमान की भी हुई थी आपात लैंडिंगइससे पहले 11 सितंबर को अलायंस एयर के एक विमान को इंजन में समस्या आने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग करानी पड़ी थी। यह विमान प्रयागराज से दिल्ली के लिए उड़ान संख्या 9आई 698 के तहत संचालित हो रहा था। विमान में एटीआर 72-600 का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है।
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, यह विमान बिलासपुर, प्रयागराज और दिल्ली के बीच संचालित हो रहा था। दिल्ली पहुंचने के दौरान उड़ान के अंतिम चरण में पायलट-इन-कमांड ने बाएं इंजन में तेल का दबाव कम होने की जानकारी के बाद प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग का अनुरोध किया।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि उड़ान चालक दल ने उस समय आपात स्थिति घोषित नहीं की थी। उनके मुताबिक, विमान में 40 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया।
करीब 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा था विमानउड़ान की जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, अलायंस एयर का यह विमान 11 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा था। सूत्र के हवाले से यह भी बताया गया था कि विमान में करीब 44 लोग सवार थे और एक इंजन के काम करना बंद करने के बाद उसकी आपात लैंडिंग कराई गई थी। एयरलाइन की ओर से यात्रियों की संख्या 40 और चालक दल के सदस्यों की संख्या चार बताई गई थी।