दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण शुरू कर दिया है। जिन छात्रों ने CUET (UG) 2026 परीक्षा दी है और वे दिल्ली विश्वविद्यालय के किसी कॉलेज में दाखिला लेना चाहते हैं, वे अब कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG 2026) के तहत अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक CSAS पोर्टल https://ugadmission.uod.ac.in पर जाकर आवेदन करना होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष उसके 67 संबद्ध कॉलेजों में संचालित 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए (B.A.) प्रोग्राम्स में प्रवेश केवल CUET (UG) 2026 में प्राप्त अंकों के आधार पर ही दिया जाएगा। उम्मीदवार अपने CUET (UG) 2026 के आवेदन संख्या (Application Number) की मदद से CSAS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन के समय देनी होगी आवेदन फीसऑनलाइन आवेदन के दौरान सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल (वापसी योग्य नहीं) होगा।
UR / OBC-NCL / EWS श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है।
SC / ST / PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 100 रुपये रखा गया है।
दूसरे चरण में भरनी होगी कॉलेज और कोर्स की पसंदप्रवेश प्रक्रिया के दूसरे चरण (Phase-II) में उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम (Programme Preferences) भरने होंगे। इस चरण में विश्वविद्यालय उम्मीदवार द्वारा CUET (UG) 2026 में दिए गए विषयों का मिलान 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों से करेगा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने बताया है कि किसी भी विशेष कोर्स के लिए पात्रता तय करते समय केवल उन्हीं भाषा (Language) और डोमेन-विशिष्ट (Domain-Specific) CUET पेपर्स को मान्यता दी जाएगी, जिन विषयों में अभ्यर्थी ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है। विषयों के इस मिलान के बाद ही उम्मीदवार की पात्रता तय होगी और उसी आधार पर उसका कुल मेरिट स्कोर तैयार किया जाएगा।
आवेदन से पहले जरूर पढ़ें ये जरूरी नियमजब उम्मीदवार की पात्रता तय हो जाएगी, तब उसे उन सभी कोर्सों में अपनी प्राथमिकताएं (Preferences) दर्ज करनी होंगी, जिनके लिए वह योग्य पाया जाएगा। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध UG Bulletin of Information और CSAS (UG) 2026-27 के दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। इससे न्यूनतम पात्रता, विषय संयोजन, सीट आवंटन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण नियमों की सही जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिशन से जुड़े हर नए अपडेट, काउंसलिंग शेड्यूल और आधिकारिक घोषणाओं के लिए नियमित रूप से admission.uod.ac.in और CSAS पोर्टल पर नजर बनाए रखें। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने यह भी बताया है कि CSAS Phase-II का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।