देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है—कहीं तेज बारिश और तूफान का असर है तो कहीं भीषण लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस पूरे सप्ताह गर्म हवाओं का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना रहेगा और कई जगह यह 41 डिग्री तक भी पहुंच सकता है।
गुरुवार, 14 मई को दिल्ली में मौसम मिला-जुला रहा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरने की भी खबरें सामने आईं। इसी दौरान राजधानी का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्वी हवाएं सक्रिय रहीं, जिनकी रफ्तार सामान्य रूप से 15 से 20 किमी प्रति घंटा रही, जबकि झोंकों के साथ यह गति पालम क्षेत्र में 98 किमी प्रति घंटा तक दर्ज की गई।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की मामूली गिरावट देखी जा सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
आज, शुक्रवार (15 मई) को राजधानी में न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। IMD के मुताबिक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है और सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है, जबकि इसके बाद दो दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा। फिर धीरे-धीरे तापमान में करीब 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।
मौसम विभाग की चेतावनी और जरूरी सावधानियांIMD ने बदलते मौसम और तेज गर्मी को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इस मौसम में विशेष रूप से सतर्क रहें, क्योंकि तेज गर्मी और लू उनकी स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकती है।
लोगों को हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है ताकि गर्मी से बचाव हो सके। इसके अलावा आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने या बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा रहता है।
बिजली चमकने के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने की भी सलाह दी गई है। वहीं किसानों को सुझाव दिया गया है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रख लें ताकि नुकसान से बचा जा सके।